गोहाना | छतैहरा गांव के विद्यार्थियों को अब 10वीं कक्षा के बाद पढ़ने के लिए दूसरे गांव नहीं जाना पड़ेगा। शिक्षा विभाग ने ग्रामीणों की मांग पर गांव के हाई स्कूल को अपग्रेड कर सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा दिया है। विद्यार्थी चालू सत्र से ही 11वीं व 12वीं कक्षा में दाखिला ले सकते हैं। हालांकि अब तक एक भी दाखिला नहीं हुआ है। छतैहरा गांव में सरकारी स्कूल को केवल हाई स्कूल का ही दर्जा प्राप्त था। 10वीं कक्षा के बाद विद्यार्थियों को 3 से 4 किमी दूसरे गांव तो या 7 से 8 किमी दूर शहर आना पड़ता था। सुरक्षा कारणों के चलते कुछ अभिभावक लड़कियों को शहर तक नहीं भेजते थे। इसे देखते हुए लंबे समय से स्कूल को अपग्रेड करने की मांग की जा रही थी।
स्कूल में संकाय को लेकर स्थिति नहीं की स्पष्ट स्कूल को सीनियर सेकेंडरी का दर्जा मिलने के बाद कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय की मंजूरी मिलती है। छतैहरा स्कूल को अपग्रेड करने के बाद विभाग ने संकाय को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। स्कूल अधिकारियों के अनुसार बीते शैक्षणिक सत्र में 10वीं कक्षा तक के स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या 218 थी।
^मुख्यालय ने छतैहरा गांव के स्कूल को अपग्रेड कर सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा दिया है। इससे गांव के विद्यार्थियों को फायदा होगा। बसंत कुमार ढिल्लो, बीईओ, मुंडलाना



