आम आदमी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में सभी 90 सीटों पर खड़े करेंगे उम्मीदवार

गोहाना :-26 जून : आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नवीन गौड़ ने बुधवार को कहा कि गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए था। पार्टी विधानसभा चुनाव में कोई समझौता नहीं करेगी तथा स्पष्ट बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाने के लक्ष्य को साधने के लिए सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार खड़े करेगी ।
नवीन गौड़ शहर में सोनीपत रोड पर स्थित आशीर्वाद गार्डन में आम आदमी पार्टी की सोनीपत जिला इकाई की बैठक को संबोधित कर रहे थे । उन्होंने कहा कि पार्टी ने जन संवाद कार्यक्रम प्रारंभ किया है। इस कार्यक्रम में हर बूथ और हर घर को दस्तक देते हुए जहां भाजपा सरकार की नाकामियों की पोल खोली जाएगी, वहीं पंजाब और दिल्ली में पार्टी द्वारा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी इस वायदे के साथ प्रदान की जाएगी कि प्रदेश में
सरकार बनने पर वे ही सुविधाएं यहां की जनता को भी मिलेंगी । आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि उनकी पार्टी इस बार जनता के बीच इस नारे के साथ उतरेगी कि प्रदेश की सभी पार्टियों को शासन करने का अवसर मिल चुका है, इस बार बारी आम आदमी पार्टी की केजरीवाल सरकार बनाने की है ।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के सोनीपत ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र छिक्कारा, सोनीपत शहरी जिला अध्यक्ष राजेश सरोहा, प्रदेश महिला सचिव सरोज राठी, किसान विंग के जिला अध्यक्ष सोमबीर सिंह और जिला सचिव सुरेंद्र सिंह, ओ.बी.सी. विंग के प्रदेश सचिव देवेंद्र सैनी, यूथ विंग की प्रदेश सचिव मोना सिवाच आदि भी मौजूद रहे।



