बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने मंगलवार को कहा कि जब से प्रदेश की सत्ता में भाजपा आई है, वह लगातार दलित और पिछड़ों के आरक्षण व अधिकारों पर कुठाराघात कर रही है।
एस.सी. ओ.बी.सी. विरोधी मानसिकता से पीड़ित है भाजपा : नरवाल

गोहाना :-25 जून : बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने मंगलवार को कहा कि भाजपा पूरी तरह एस.सी. और ओ.बी.सी. विरोधी मानसिकता से पीड़ित है । जब से प्रदेश की सत्ता में भाजपा आई है, वह लगातार दलित और पिछड़ों के आरक्षण व अधिकारों पर कुठाराघात कर रही है।
नरवाल शहर में नए बस स्टैंड के निकट स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे। कांग्रेस विधायक ने कहा कि यह भाजपा ही है जिसने पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की क्रीमी लेयर को 8 लाख से घटाकर 6 लाख किया था। साथ ही इसमें कृषि और वेतन की आय को भी जोड़ दिया । कांग्रेस शासन में क्रीमी लेयर की आय सीमा को निर्धारित करते हुए इससे कृषि और वेतन की आय को अलग कर दिया गया था।
इंदुराज नरवाल ने कहा कि आज केंद्र की क्रीमी लेयर लिमिट भी 8 लाख रुपये है। लेकिन राज्य सरकार ने इसे घटाकर 6 लाख कर दिया । इसमें कृषि और वेतन की आय जोड़ने से पिछड़ा वर्ग के लाखों लोग आरक्षण के अधिकार से वंचित हो गए। अब सच्चाई उजागर हो गई तो भाजपा यह लिमिट पुन: 8 लाख करने की बात कह रही है। कांग्रेस विधायक नरवाल ने कहा कि प्रदेश में 2 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हुए हैं। लेकिन भाजपा जानबूझकर इन पदों को नहीं भर रही। पक्की भर्तियां होंगी तो एस.सी. और ओ.बी.सी. को आरक्षण देना पड़ेगा। लेकिन भाजपा ऐसा नहीं
चाहती ।
उनके अनुसार कांग्रेस राज में पिछड़ा वर्ग की सभी जातियों को आरक्षण का उचित लाभ देने के लिए कई कदम उठाए गए। ग्रुप-ए और ग्रुप-बी की अलग-अलग कैटेगरी बनाकर उनको आरक्षण को 10 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया था। ग्रुप-ए को 10 प्रतिशत और ग्रुप-बी को 5 प्रतिशत आरक्षण दिया था, जबकि उससे पहले ओ.बी.सी. आरक्षण सिर्फ 10% था।
इंदुराज नरवाल ने कहा कि भाजपा कभी भी दलित और पिछड़ा समाज की भलाई के बारे में नहीं सोच सकती। सभी को इस सरकार की नीयत और विचारधारा का पता चल चुका है। इसीलिए दलित-पिछड़ा वर्ग ने मिलकर लोकसभा चुनाव में इस पार्टी को सबक सिखाया ।



