Breaking NewsGohanaPoliticsReligion

नायब सैनी गोहाना की नई अनाज मंडी में आयोजित संत कबीर की 626वीं जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह में पधारे

संत कबीर जयंती के राज्य स्तरीय समारोह में कहा सी.एम. ने : जनता को बरगलाने के लिए संविधान बदलने का दुष्प्रचार किया गया

कुछ दलों को सियासी फायदे के लिए चाहिए भेदभाव, अशांति और असंतोष : सैनी

गोहाना :-22 जून: कुछ राजनीतिक दलों को न शांति चाहिए, न विकास। उन्हें चाहिए भेदभाव, अशांति और असंतोष ताकि वे सियासी फायदा उठा सकें। ऐसे लोग जमीन पर नहीं हैं। उनके पांव जमीन से कट चुके हैं। ऐसे लोगों ने ही जनता को बरगलाने के लिए संविधान बदलने का दुष्प्रचार किया। संविधान एक किताब भर नहीं, संविधान भारत की आत्मा है। शनिवार की दोपहर यह टिप्पणी प्रदेश के सी. एम. नायब सिंह सैनी ने
की।

नायब सिंह सैनी शहर की नई अनाज मंडी में संत कबीर की 626वीं जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सी.एम. के पूर्व ओ.एस.डी. अमरजीत सोलंकी ने की। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री विशंबर वाल्मीकि, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, राई के विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली भी पहुंचे। सी.एम. ने बड़ी शिद्दत से जिक्र किया कि वह चंडीगढ़ के जिस सरकारी आवास में रहते हैं, उसका नाम संत कबीर कुटीर है। समारोह में राजस्थान के जैसलमेर से आए पदमश्री अनवर खां की पार्टी ने संत कबीर के दोहों का वाचन किया।

सी.एम. नायब सिंह सैनी ने संत कबीर को नमन करते हुए कहा कि कबीर की वाणी को पूरी दुनिया जीवन में उतार रही है। संत कबीर ने पूरा जीवन अंध विश्वास, जाति-पाति और रूढ़िवादी परम्पराओं को खत्म करने में लगा दिया। सी.एम. ने कहा कि उनकी सरकार संत कबीर की सोच को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग महापुरुषों के नाम पर भी राजनीति कर समाज को तोड़ने और अपने स्वार्थ साधने की कोशिश कर रहे हैं।

सी.एम. ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लिए बिन कहा कि कांग्रेस के मुखिया, जो लंबे समय तक सी.एम. रहे, पोर्टल खत्म कर फिर से भ्रष्टाचार की वापसी चाहते हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुछ लोग लूट का सहारा ले कर और झूठ फैला कर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब से वह सी. एम. बने हैं, कांग्रेस वालों के पेट खराब हो गए हैं। कभी गवर्नर के पास जा रहे हैं, कभी कह रहे हैं कि सरकार अल्पमत में है, इस्तीफा दे ।

सी.एम. नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के राज में 100 गज के प्लाटों के गरीबों को न कागज दिए गए, न कब्जे जब कि उन्होंने रजिस्ट्रियां प्रदान करने के साथ मौके पर इंस्टैंट कब्जे दिए। जो लोग रह गए हैं, उन्हें प्लाट प्राप्त करने के लिए पोर्टल पर आवेदन करना होगा। सी.एम. ने ऐलान किया कि जिन गांवों में पंचायती जमीन नहीं है, वहां के पात्र परिवारों के खाते में जल्दी एक लाख रुपए आ जाएंगे।

WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.46.12 PM
WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.55.06 PM
c3875a0e-fb7b-4f7e-884a-2392dd9f6aa8
1000026761
WhatsApp Image 2024-07-24 at 2.29.26 PM

सी.एम. ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे अपना स्वभाव बदल लें। जनता को चक्कर कटवाने वालों को सरकार छोड़ेगी नहीं। उन्होंने कहा कि जिस समस्या का अफसर समाधान न कर सकते हैं, उन्हें बताएं, वह करेंगे। उनके अनुसार जनता के लिए चंडीगढ़ में उनके संत कबीर कुटीर के दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने कहा कि जिन की आय ज्यादा दर्ज है, एक कागज पर लिख कर देने के बाद उनकी आय सरकारी रिकॉर्ड में घटा दी जाएगी।

पूर्व ओ.एस.डी. अमरजीत सोलंकी द्वारा प्रस्तुत मांगपत्र की मुख्य मांग प्रथम और द्वितीय श्रेणी की नौकरियों में भी दलितों को आरक्षण प्रदान करने की थी। लेकिन सी.एम. ने कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। पर उन्होंने वायदा किया कि अदालत में मजबूत पैरवी की जाएगी।

गोहाना को जिला बनाने की मांग का जिक्र करते हुए सी.एम. नायब सिंह सैनी ने कहा कि एक सब-कमेटी का गठन किया गया है। उसके नॉर्म्स पूरा करने पर गोहाना को जिला बना दिया जाएगा। वेस्टर्न बाईपास की मांग पर सैनी ने कहा कि इस मांग को पूर्व सी. एम. मनोहर लाल खट्टर ने भी मंजूर किया था। लेकिन दिक्कत जमीन की आई। जैसे ही भूमि उपलब्ध हो जाएगी, यह बाईपास बना दिया जाएगा।

उनके अनुसार धानक समाज गोहाना शहर के जिस किसी चौक का नाम संत कबीर चौक रखवाना चाहे, वह नगर परिषद से प्रस्ताव पारित करवा कर सरकार को भिजवा दे।

सी.एम. ने राज्य स्तरीय समारोह की मेजबान धानक समाज शिक्षा सभा द्वारा ठसका रोड पर स्थित अपने भवन में लाइब्रेरी के निर्माण के लिए 31 लाख रुपए मंजूर किए।

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने सरकार के इस आदेश का स्वागत किया कि जरूरतमंद परिवारों को बेटी की शादी से 3 दिन पहले कन्यादान की रकम मिल जाया करेगी। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश भर में धानक बाहुल्य बूथों पर भाजपा जीती है। जांगड़ा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में इतने वोट दे देना कि कम से कम 60 से 65 विधायक हमारे बन जाएं।

मंत्री विशंबर वाल्मीकि ने खुलासा किया कि राजनीति में आने से पहले उन्हें गाने-बजाने का शौक था। भाजपा के प्रदेश महामंत्री और राई के विधायक मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी के रूप में कहा कि उन्हें लोकसभा चुनाव में 5.27 लाख लोगों ने अपना आशीर्वाद दिया ।

समारोह में संत कबीर पर एक फिल्म भी दिखाई गई। लेकिन फिल्म में संत कबीर से ज्यादा जिक्र सरकार की उपलब्धियों का रहा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कविता जैन, गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी भाजपा के प्रदेश मंत्री पं. उमेश शर्मा, जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा के साथ भूपेंद्र मलिक, पवन खरखौदा, गुलशन विरमानी, इंद्रजीत विरमानी, तीर्थ सिंह राणा, बलराम कौशिक, प्रदीप सांगवान, नरेंद्र गहलावत, सुनील वत्स, परमवीर सैनी, अरुण बड़ौक, डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, रमेश खुराना, वीरेंद्र आर्य, शेर सिंह बेडवाल आदि भी उपस्थित रहे ।

 

Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button