पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के ओएसडी रह चुके वीरेंद्र सिंह अब सीएम नायब सैनी के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) होंगे।

सोनीपत :-12 जून : हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में एक नई एंट्री हो गई है। भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के ओएसडी रह चुके वीरेंद्र सिंह अब सीएम नायब सैनी के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) होंगे। वीरेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित कार्यकर्ता रह चुके हैं। इससे पहले वीरेंद्र सिंह 51 नंबर विधायक दल की जिम्मेदारी देख रहे थे।
वीरेंद्र सिंह सोनीपत जिले की राई विधानसभा क्षेत्र के गांव बड़खालसा के रहने वाले हैं। भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री रहते हुए वीरेंद्र सिंह ने किसानों के हित में कई बड़े आंदोलन खड़े किए। किसानों के पक्ष में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ भी वीरेंद्र सिंह ने 50 से अधिक गांवों के लोगों को इकट्ठा कर दमदार आंदोलन किया था।
वीरेंद्र सिंह की सीएमओ में एंट्री RSS की सिफारिश और संस्तुति पर हुई है। चर्चा यह भी है कि सीएमओ में जल्दी ही कुछ और नियुक्तियां होने की संभावना है।
हरियाणा CM नायब सैनी के OSD अभिमन्यु सिंह ने लोकसभा चुनाव से पहले इस्तीफा दिया था। 4 दिन पहले सीएम सैनी ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया था। अभिमन्यु पहले CM रहते मनोहर लाल खट्टर के PA थे। हालांकि खट्टर के सीएम कुर्सी से हटाए जाने के बाद अभिमन्यु ने भी इस्तीफा दे दिया। इसी बीच लोकसभा चुनाव आ गए, जिसकी वजह से वह मंजूर नहीं हो सका।जब नायब सैनी सीएम बने तो अभिमन्यु को सरकार ने प्रमोट कर PA से OSD बना दिया। इसके बावजूद वह नौकरी में नहीं रुके।