राजकीय स्कूल चिड़ाना के शिक्षक श्याम सुंदर ने महमूदपुर स्कूल की महिला शिक्षक पर गाली गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। महिला शिक्षक बेटे का इनरोलमेंट नंबर नहीं मिलने से गुस्साई हुई थी। शिक्षक ने महिला पर सरकारी काम में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। शिक्षक ने मामले की शिकायत विभाग के आला अधिकारियों और पुलिस को दी।
श्याम सुंदर ने बताया कि वह चिड़ाना स्कूल में समाज शास्त्र विषय का शिक्षक है। महिला शिक्षक का बेटा बीते वर्ष चिड़ाना स्कूल में नौंवी कक्षा में पढ़ता था। कक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद महिला ने अपने बेटे का नाम स्कूल से कटवा लिया। उस समय छात्रा को स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया था। कुछ दिन पहले महिला शिक्षक बेटे का इनरोलमेंट नंबर लेने आई थी। स्कूल के रिकॉर्ड में छात्र का इनरोलमेंट नंबर नहीं मिल रहा था।
इस बारे में उन्होंने महिला शिक्षक को भी सूचित कर दिया था। वहीं इनरोलमेंट नंबर मंगवाने के लिए उन्होंने शिक्षा बोर्ड को भी मेल कर दी थी। गुरूवार को महिला स्कूल में आई और इनरोलमेंट नंबर देने को कहा। उन्होंने महिला शिक्षक को दो दिन इंतजार करने को कहा। इस पर महिला ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दिया। आरोप है कि महिला ने उसके साथ मारपीट भी की।
मामले की करवाई जाएगी जांच : बीईओ
चिड़ाना स्कूल में शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट करने का मामला संज्ञान में आया था। इस बारे में जांच करवाई जाएगी। -बसंत कुमार ढिल्लो, बीईओ, मुंडलाना।



