सांस लेने जितना जरूरी है मतदान करना : लेफ्टिनेंट बडगूजर
गोहाना :-22 मई : जितना जरूरी जीने के लिए सांस लेना है, उतना ही जरूरी लोकतंत्र को बरकरार रखने के लिए मतदान करना है। बुधवार को यह टिप्पणी बड़ौता गांव के गवर्नमेंट कॉलेज में एन.सी.सी. के अधिकारी लेफ्टिनेंट अनिल बडगूजर की। वह मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत एन.सी.सी. के कैडेट विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे थे।
लेफ्टिनेंट अनिल बडगूजर ने कहा कि सांस न लें तो जीवन खत्म हो जाएगा। इसी तरह से मतदान न करने पर लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। मतदान जितना अधिक होगा, लोकतंत्र उतना ही अधिक मजबूत होगा। मतदान जितना कम होगा, लोकतंत्र उतना ही कमजोर होगा ।
एन.सी.सी. के कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि कॉलेज के जिन भी विद्यार्थियों को मताधिकार प्राप्त है, उनको 25 मई को न केवल स्वयं मतदान करना चाहिए अपितु अपने माता-पिता भाई-भाभी और बहन को भी मतदान करने के लिए आग्रहपूर्वक साथ में ले जाएं।