मोदी की महा विजय संकल्प रैली के लिए गोहाना छावनी में बदला, पी.एम. संग आएंगे नायब सिंह सैनी, मनोहर लाल खट्टर नहीं पहुंचेंगे रैली में
गोहाना :-17 मई : पी. एम. नरेंद्र मोदी शनिवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 13 के मैदान में दोपहर बाद 3 बजे महा विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। रैली की पूर्व संध्या पर गोहाना शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
रैली में पी.एम. संग सी. एम. नायब सिंह सैनी समेत प्रदेश भाजपा के सब प्रमुख शीर्ष नेता तो आएंगे, पर प्राप्त जानकारी के मुताबिक पूर्व सी. एम. मनोहर लाल खट्टर नहीं पहुंचेंगे। पहले इस महा विजय संकल्प रैली को चार लोकसभा क्षेत्रों का बताया जा रहा था। लेकिन अब यह रैली सोनीपत लोकसभा क्षेत्र और रोहतक लोकसभा क्षेत्र की ही साझी रैली होगी । गोहाना की महा विजय संकल्प रैली में पी.एम. नरेंद्र मोदी अंबाला की रैली के बाद पहुंचेंगे।
महा विजय संकल्प रैली 40 एकड़ भूक्षेत्र कवर किया गया है। मौसम की प्रत्येक चुनौती का सामना करने के लिए वाटरप्रूफ शेड तैयार किया गया है। लू से बचाव के लिए पंडाल के शेड में जहां 300 पंखे लगाए गए हैं, वहीं 60 वाटर कूलरों की व्यवस्था भी की गई है। रैली में आने वाली भीड़ के लिए पीने के शुद्ध ठंडे पानी का प्रबंध किया गया है।
रैली स्थल पर तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। रैली स्थल के निकट स्थित शेर सिंह पब्लिक स्कूल में चौथा हेलीपैड अलग से तैयार किया गया है। रैली की पूर्व संध्या पर आला अधिकारी रैली स्थल पर पहुंचे तथा तैयारियों का अंतिम रूप से जायजा लिया। वैसे न केवल रैली स्थल अपितु पूरे गोहाना शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जगह-जगह नाके लगा दिए गए हैं तथा किसी भी वाहन को चेकिंग के बिना शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।
सोनीपत भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा ने रैली स्थल पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गोहाना की महा विजय संकल्प रैली में पी. एम. मोदी की महा हुंकार विपक्ष को पूरी तरह से पस्त करेगी तथा एक बार फिर से राज्य की सब 10 सीटें भाजपा की झोली में डाले जाने को प्रशस्त करेगी।