प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 मई को गोहाना में चुनावी रैली को करेंगे संबोधित, सोनीपत समेत चार जिलों को कवर करेगी रैली, 40 एकड़ के पंडाल में 20 हजार कुर्सियां लगेंगी
गोहाना :-17 मई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 18 मई को दोपहर बाद हरियाणा में सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के गोहाना में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। गोहाना में भाजपा की ये चुनावी रैली साथ लगते सोनीपत समेत चार जिलों को कवर करेगी। गोहाना की सीमा जींद, रोहतक, पानीपत से सटी हुई है।
गोहाना में सेक्टर 13 व 17 के बीच 40 एकड़ जमीन है, जहां पर भाजपा की ओर से पीएम मोदी की रैली रखी गई है। पंडाल में 20 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। मोदी की सुरक्षा को देखते हुए रैली स्थल को पुलिस और एसपीजी की टीम ने कवर किया हुआ है। रैली गोहाना से गुजर रहे पानीपत-रोहतक नेशनल हाइवे के किनारे रखी गई है। आासपास के जिलों से बड़ी आसानी से लोग यहां पहुंच पाएंगे।
गोहाना में रैली स्थल के नजदीक 3 हेलीपैड बनाए गए हैं। वहीं कई जिलों की पुलिस फोर्स यहां तैनात की गई है। साथ ही केंद्र की एजेंसियां भी यहां हर हरकत पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन नग रैली स्थल के पास ड्रोन उड़ाने पर पहले ही पांबदी लगी दी है। क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। हैलीपेड का एक ट्रायल यहां लिया जा चुका है।
रैली के मुख्य मंच पर पीएम मोदी के साथ 30 प्रमुख नेताओं के बैठने की व्यवस्था यहां की जा रही है। रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व सीएम मनोहर लाल समेत भाजपा के सभी दिग्गज चेहरे नजर आएंगे। रैली में लगाए गए टेंट की हाइट काफी ऊंची रखी गई है और पूरी तरह से वाटरप्रूफ है।
सोनीपत में चुनावी सरगर्मी के साथ सूर्य की तपन भी लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को यहां का तापमान 42 डिग्री से ज्यादा रहा। हीट वेव भी लोगों को झुलसा रही है। सोनीपत में भाजपा की रैली को काफी अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी यहां से अकेले सोनीपत सीट ही नहीं बल्कि साथ लगती रोहतक सीट पर भी असर डालने का प्रयास करेंगे। पानीपत भी गोहाना के पास में ही है, जो कि करनाल सीट का हिस्सा है और यहां से पूर्व सीएम मनोहर लाल प्रत्याशी हैं।
लोकसभा चुनाव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गोहाना का ये कोई पहला दौरा नहीं है। पीएम बनने से पहले मोदी ने वर्ष 2014 में गोहाना की नई सब्जी मंडी में चुनावी रैली की थी। इसके बाद पूरा लोकसभा क्षेत्र मोदी के रंग में रंग गया था। हालांकि मोदी 2019 में भी यहां आए थे, लेकिन तब वे प्रधानमंत्री थे और मौका भी लोकसभा की बजाय विधानसभा चुनाव का था। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी बहालगढ क्षेत्र में भी आ चुके हैं।
सोनीपत को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है। हालांकि 2019 के चुनाव में हुड्डा खुद लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन तब वे भाजपा के रमेश कौशिक से हार गए थे। हरियाणा में सोनीपत और रोहतक की सीट काफी हॉट सीट बन चुकी है। सोनीपत लोकसभा सीट पर जहां भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पिछली बार करारी हार मिली थी, तो इस बार अपनी हार का बदला लेने के लिए कांग्रेस टिकट पर सतपाल ब्रह्मचारी को उतारा है।
वहीं दूसरी तरफ रोहतक में भाजपा के अरविंद शर्मा का मुकाबला दीपेंद्र हुड्डा से है। पिछली बार दोनों ही सीट पर कांग्रेस की पराजय हुई थी। ऐसे में देश के प्रधानमंत्री मोदी की रैली करा भाजपा सोनीपत और रोहतक क्षेत्र के चुनावी समीकरण अपने पक्ष में करने में लगी है।
रैली की तैयारी जोरों पर: जसबीर दोदवा
भाजपा के सोनीपत जिला अध्यक्ष से जसबीर दोदवा ने बताया कि गोहाना में पीएम मोदी की रैली बड़ी ऐतिहासिक होगी। तमाम प्रकार की तैयारी पूरी की जा रही हैं। काफी संख्या में लोग रैली में पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेश में सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को सुनने को लेकर लोग काफी उत्सुक हैं।