गोहाना में बी.जे.पी. की विजय संकल्प रैली में पूर्व सी.एम. खट्टर ने कहा :.गोहाना नहीं रहेगा पुराना गोहाना , अब बनेगा नया गुरुग्राम
विजय संकल्प रैली में पूर्व सी.एम. ने किया दावा : गोहाना के विकास पर खर्च किए 4371 करोड़ रुपए
गोहाना में बी.जे.पी. की विजय संकल्प रैली में पूर्व सी.एम. खट्टर ने कहा : गोहाना नहीं रहेगा अब गोहाना, अब बनेगा नया गुरुग्राम
गोहाना :-26 अप्रैल : पूर्व सी. एम. मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को कहा कि गोहाना अब गोहाना नहीं रहेगा, गोहाना नया गुरुग्राम बनेगा। उन्होंने दावा किया कि गोहाना के विकास पर 4371 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
खट्टर शहर के चौ. देवीलाल स्टेडियम में सोनीपत संसदीय सीट के प्रत्याशी मोहन लाल बड़ौली के साथ विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में पूर्व सी.एम. के साथ प्रदेश के मंत्री महिपाल ढांडा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, गन्नौर की विधायक निर्मल चौधरी, भाजपा के प्रदेश मंत्री पं. उमेश शर्मा, जिला प्रभारी सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा और पूर्व जिला अध्यक्ष तीर्थ सिंह राणा, विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रत्याशी योगेश्वर दत्त आदि भी पहुंचे।
मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बुटाना गांव की जनता संस्थाओं को विश्वविद्यालय का दर्जा देने का रास्ता साफ हो गया है। यह विश्वविद्यालय देश का सबसे पहला ग्रामीण विश्वविद्यालय होगा। उन्होंने कहा कि जलभराव से बरोदा हलके को सदा के लिए निजात दिलवा दी गई है।
चहुंओर फोर लेन का जाल बिछने का जिक्र करते हुए खट्टर ने कहा कि सड़कें अकेली नहीं आतीं, सड़कें अपने साथ विकास लाती हैं। उन्होंने कहा कि सोनीपत जितना फैलना था, फैल चुका, अब बारी गोहाना की है। उन्होंने यह भी कहा कि खरखौदा में मारुति उद्योग के आने का फायदा गोहाना को भी होगा ।
पूर्व सी. एम. ने कहा कि गोहाना शहर का रेलवे स्टेशन 25 करोड़ रुपए से वर्ल्ड क्लास का बनेगा। उनके अनुसार 35 करोड़ रुपए से 38 लोकल सड़कें या तो बन चुकी हैं अथवा बनने वाली हैं। विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने गोहाना में बन रहे जाट भवन और बैरागी भवन का विशेष रूप से उल्लेख किया।
मनोहर लाल खट्टर ने मंच से कहा कि आप के दिल के करीब कुछ चीजें ऐसी हैं जो होनी बाकी हैं। आचार संहिता के हटते ही उसे भी पूरा कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी के साथ प्रदीप सांगवान, बलराम कौशिक, अरुण बड़ौक, वीरेंद्र सिंह आर्य, आनंद हुड्डा, डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, डॉ. धर्मबीर सिंह नांदल, सुमित कक्कड़, परमवीर सैनी आदि भी उपस्थित रहे।


