मंडियों में धीमें उठान की वजह से आढ़तियों व किसानों को हो रही परेशानी, मूकदर्शक बने बैठी है सरकार – इंदुराज नरवाल

बरोदा (गोहाना ) :-25 अप्रैल : कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने कहा कि 48 से 72 घंटे के अंदर किसानों को गेहूं खरीद का भुगतान करने का भाजपा सरकार का वादा जुमला साबित हुआ है। मंडियों में बिक चुकी आधी से अधिक फसल का अभी तक भुगतान पेंडिंग है, जबकि इसकी बिक्री को 12-15 दिन तक हो चुके हैं। इसके साथ ही मंडियों से गेहूं का धीमा उठान आढ़तियों व किसानों के लिए समस्या बन गया है।
इंदुराज नरवाल ने कहा कि मौसम विभाग द्वारा पहले से दी गई चेतावनी के बावजूद सरकार आंखें बंद करके सोती रही। उठान नहीं होने के चलते मंडियां अनाज से अटी पड़ी हैं। मजबूरी में किसानों को अपना गेहूं सड़कों पर डालना पड़ रहा है। इसलिए 6 महीने की दिनरात मेहनत से तैयार की गई किसान की फसल खुले आसमान के नीचे पड़ी है और बार-बार भीग रही है। प्रदेश की अलग- अलग मंडियों में बारिश के चलते भारी मात्रा में गेहूं पानी के साथ बह गया है। किसान को हुए नुकसान के लिए सीधे तौर पर बीजेपी सरकार जिम्मेदार है।
उन्होंने भुगतान में देरी के चलते किसानों को ब्याज देने की मांग उठाई है। उन्होंने दोहराया है कि सरकार पोर्टल का झंझट खत्म करके जल्द उठान और भुगतान करे ताकि किसान अगले सीजन की तैयारी कर सकें। साथ ही बारीश की वजह से जिन किसानों को नुकसान हुआ है, उनकी भरपाई सरकार द्वारा की जानी चाहिए। किसानों की परेशानी कम करने के लिए नमी में छूट की लिमिट को भी बढ़ाना चाहिए।
इंदुराज नरवाल ने कहा एक तरफ तो मौसम की मार से प्रदेश का किसान पहले ही दुखी है। और ना ही अभी तक किसानों को खराब फसलों का कोई मुआवजा मिला है। तो वहीं भाजपा सरकार की बेरुखी और बद्द इंतजामी की वजह से मंडियों में आने वाला किसान परेशान है। प्रदेश की अनाज मंडियों में किसानों के लिए उचित व्यवस्था भी नहीं की गई है। जिसका खामियाजा भाजपा सरकार को आने वाले चुनाव में भुगतना पड़ेगा, और जनता भाजपा द्वारा किए गए जुल्मों का बदला वोट की चोट से लेगी।


