हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल गोहाना और बरोदा हलके के कार्यकर्ताओ को जीत का मन्त्र देने के लिए गोहाना पहुँचे
जजपा से था केवल सरकार चलाने का समझौता, पाटियों में समझौता न पहले था, न अब है ; कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा में विलंब पर बोले : हो सकता है कि सौदेबाजी न पट पा रही हो
अभी तक तो है वन साइडिड मैच, दूसरों की तो हिम्मत ही नहीं हो रही मैदान में आने की : खट्टर
गोहाना :-19 अप्रैल : यह मोदी की गारंटी का ही रिजल्ट है कि हरियाणा की सब दस लोकसभा सीटों पर वन साइडिड मैच है तथा दूसरों की तो मैदान में आने तक की हिम्मत नहीं हो पा रही है।
शुक्रवार की शाम को यह टिप्पणी पूर्व सी.एम. मनोहर लाल खट्टर ने की। उन्होंने साफ कहा कि जजपा के साथ समझौता केवल सरकार चलाने को ले कर था, पार्टियों के बीच समझौता न पहले था, न अब है । कांग्रेस उम्मीदवारों के ऐलान में देरी पर उन्होंने कहा कि हो सकता है कि सौदेबाजी न पट पा रही हो।
मनोहर लाल खट्टर गोहाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पूर्व डिप्टी सी.एम. दुष्यंत सिंह चौटाला की टिप्पणियों को ले कर पूर्व सी. एम. का लहजा बेहद सख्त रहा। दुष्यंत द्वारा भाजपा प्रत्याशियों को उधार के उम्मीदवार बताए जाने पर खट्टर ने कहा कि हमारे पास वे तो हैं, उनके पास वे भी नहीं हैं।
उन्होंने पूर्व डिप्टी सी.एम. को नसीहत दी कि वह हमारी चिंता छोड़ें और अपनी चिंता करें। खट्टर ने कहा कि वे भी चुनाव लड़ रहे हैं, हम भी चुनाव लड़ रहे हैं, परिणाम सब के सामने आ जाएगा ।
पूर्व सी.एम. मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि कांग्रेस की टिकट कोई लेने तक के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि महीने भर से कांग्रेस कार्यकर्ता इंतजार कर रहे हैं कि लिस्ट आज आएगी या लिस्ट कल आएगी। पूर्व सी.एम. ने कहा कि उन्हें लगता है कि कांग्रेस के उम्मीदवारों के ऐलान में देरी के पीछे कई विवाद हैं ।
खट्टर ने कहा कि कोई कैंडीडेट पैसा लेने वाला होता है, कोई देने वाला होता है। अभी तो यह समझ में नहीं आ रहा है कि कांग्रेस कैंडीडेट्स से पैसा लेगी या देगी। हो सकता है कि सौदेबाजी न पटने से ही देरी हो रही हो ।
पूर्व सी. एम. ने प्रदेश की राजनीति से केंद्र की राजनीति में जाने के बारे में कहा कि उन्होंने जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसे उन्होंने पूरी शिद्दत से निभाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें करनाल की जनता पर पक्का भरोसा है कि वह उन्हें जरूर जिताएगी ।
मनोहर लाल खट्टर से शहर के लघु सचिवालय में अढ़ाई महीने से अधिक समय से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों का प्रतिनिधिमंडल भी मिला । प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने किया। नरवाल ने दावा किया कि खट्टर ने खराब फसलों के लिए मुआवजा एक सप्ताह में दिलवाने का वायदा किया।
इससे पहले पूर्व सी. एम. ने एक बंद कमरे में गोहाना हलके और बरोदा हलके के चुनिंदा नेताओं के साथ लंबी चर्चा की। इस गुप्त बैठक में गोहाना हलके से जसबीर दोदवा, तीर्थ सिंह राणा, परमवीर सैनी, बलराम कौशिक, डॉ. धर्मबीर सिंह नांदल, डॉ. राकेश कुमारी मलिक और अरुण बड़ौक, बरोदा हलके से योगेश्वर दत्त, पं. उमेश शर्मा, अशोक बनवासा, आनंद सिंह हुड्डा, फूल सिंह खरब, सुधीर मलिक, भलेराम नरवाल और सोनिया मोर सम्मिलित रहे।
मनोहर लाल खट्टर उस प्रीति भोज में भी सम्मिलित हुए जिसे गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी और उनके पति भाजपा के दिग्गज नेता इंद्रजीत विरमानी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित किया था ।


