यह मेरी गारंटी : न दीपेंद्र कभी सांसद बनेंगे, न प्रदेश में कभी उनकी सरकार बनेगी : दुष्यंत चौटाला
गोहाना :-18 अप्रैल : पूर्व डिप्टी सी.एम. दुष्यंत सिंह चौटाला ने कहा कि यह मेरी गारंटी है कि दीपेंद्र सिंह हुड्डा न तो कभी सांसद बनेंगे, न ही प्रदेश में कभी उनकी सरकार बनेगी। उन्होंने यह प्रतिक्रिया दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा उन और उनकी पार्टी जजपा पर लगातार किए जा रहे सियासी प्रहारों के जवाब में की।
दुष्यंत सिंह चौटाला गोहाना में जजपा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. के.सी. बांगड़ और राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र सिंह मलिक के साथ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश की 90 में से किसी भी सीट पर जजपा की जमानत तक न बचने की बात कह रहे हैं ।
इस के जवाब में पूर्व डिप्टी सी.एम. ने कहा कि दीपेंद्र तो पिछली बार भी ऐसा ही कहते थे, पर जजपा की दस सीटें आईं तथा उनके पिता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का सी.एम. बनने का वह सपना टूट गया था जिसे वह उठते-बैठते सोते-जागते देखते थे। उन्होंने अपना दावा दोहराया कि प्रदेश में अगली सरकार जजपा की ही बनेगी ।
पूर्व डिप्टी सी. एम. ने कहा कि यह कांग्रेस की अंतर्कलह और घबराहट है कि वह प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार तक घोषित नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि जजपा अपने ऐसे कार्यकर्ताओं को संसद में भेजेगी जो संसद में गूंगे-बहरे नहीं बने रहेंगे बल्कि हरियाणवी बोली में प्रदेश के हित की बात करेंगे उनके अनुसार बाकी की पांच संसदीय सीटों के लिए भी जजपा उम्मीदवार जल्दी घोषित कर दिए जाएंगे।
दुष्यंत सिंह चौटाला ने कहा कि बवानीखेड़ा और मंडी डबवाली में पोल खोल गई कि किसानों के चोले में कांग्रेसी ही गांवों में उनका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने जोड़ा कि ये सब भी हमारे अपने हैं, इन्होंने ही हमें सांसद बनाया, हमारी सरकार बनाई। अभी लोकसभा चुनाव में 40 दिन बाकी हैं, हम उनको मना लेंगे।
हिसार सीट से चौटाला परिवार के तीन सदस्यों द्वारा चुनाव लड़ने पर उन्होंने पलट कर पूछा कि क्या बादल परिवार के सदस्य एक-दूसरे के सामने नहीं खड़े होते रहे हैं, क्या अब भी पंवार के सामने पंवार और यादव के सामने यादव चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।


