नगर परिषद बनवायेगा गोहाना के रोहतक रोड स्थित श्मशान घाट में दो मंजिला कम्युनिटी सेंटर
हॉल में रस्म क्रिया, तेरहवीं हो सकेगी, पहली मंजिल पर भोजन की व्यवस्था होगी नगर परिषद ने की श्मशान घाट के सौन्दर्यीकरण की तैयारी, 4 करोड़ रुपए होंगे खर्च, लॉकर रूम, शू रूम और हैंड वाश एरिया भी बनेंगे
गोहाना :-18 अप्रैल : नए जमाने की जरूरतों के हिसाब से गोहाना शहर बड़ी तेजी से बदल रहा है | अब रोहतक रोड पर बस स्टैंड के सामने स्थित श्मशान घाट का 4 करोड़ रुपए की लागत से नगर परिषद द्वारा सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। लॉकर रूम, शू रूम और हैंड वाश एरिया विकसित करने के साथ ही अब श्मशान घाट में ही दो मंजिला कम्युनिटी सेंटर बनेगा । भूतल पर बनने वाले विशाल हॉल में रस्म क्रिया और तेरहवीं की शोक सभा हो सकेगी तो पहली मंजिल पर शोक संतप्त परिजनों को भोजन परोसा जा सकेगा ।
गोहाना बेहद पुराना शहर है। सेक्टर 7 और कुछ ही इलाके ऐसे हैं जो नए बने होने से चौड़े और खुले हैं। जब भी कोई मृत्यु होती है, उसकी अंत्येष्टि या चौथे की रस्म पर आने वाले परिजन बाद में उनके घरों में जाने के लिए अपनी गाड़ियों के साथ संकुचित गलियों में प्रवेश करते हुए हिचकते हैं। इसी तरह से रस्म क्रिया और तेरहवीं के लिए शोकसभा आयोजित करने के स्थल के लिए भी कोई ज्यादा विकल्प मौजूद नहीं हैं।
अब नगर परिषद ने नागरिकों की बहुत पुरानी मांग पर बस स्टैंड के निकट के श्मशान घाट के सौन्दर्यीकरण का बड़ा प्रस्ताव तैयार किया है। सरकार से अनुमोदन मिलते ही इस पर काम भी प्रारंभ हो जाएगा। श्मशान घाट का काफी ज्यादा एरिया इस समय अप्रयुक्त है। ऐसे में सेक्टर 7 की तरफ से जिस मेन गेट से प्रवेश किया जाता है, उस मेन गेट को आगे खोला जाएगा तथा मौजूदा मेन गेट के साथ की जमीन पर कम्युनिटी सेंटर बनाया जाएगा।
कम्युनिटी सेंटर दो मंजिला होगा। भूतल पर बड़ा हॉल होगा। इस हॉल में रस्म क्रिया और तेरहवीं की शोक सभाएं हो सकेंगी। इस कम्युनिटी सेंटर की पहली मंजिल पर भोजन कक्ष होगा जहां भोजन तैयार होगा तथा उसे शोक संतप्त परिजनों को खिलाया भी जा सकेगा। इस तरह से अब श्मशान घाट में न केवल अंतिम संस्कार होंगे अपितु साथ में शोक सभाएं भी हो सकेंगी।
पहले लॉकर रूम केवल मंदिरों में हैं। लॉकर रूम का प्रयोग तब किया जाता है जब परिवार को हरिद्वार में अस्थि विसर्जन के लिए कुछ समय के बाद जाना होता है। ऐसे में तब तक के लिए अस्थियों को घर में रखने के स्थान पर मंदिरों के लॉकर रूम में सेफ रख दिया जाता है। अब यह लॉकर रूम सीधे श्मशान घाट के अंदर ही होगा जहां चौथे की रस्म के बाद अस्थि पुष्प वहीं रखे जा सकेंगे।
सौन्दर्यीकरण की प्रक्रिया में जहां हरियाली का विस्तार होगा और नए पेड़-पौधों से परिसर को निखारा जाएगा, वहीं साथ में आर.ओ. की सुविधा युक्त पीने के पानी तथा मॉडर्न शौचालयों का भी प्रबंध होगा । नगर परिषद शू रूम और हैंड वाश एरिया भी तैयार करेगी ।
जनता की ही मांग पर नगर परिषद ने तय किया है कि श्मशान घाट का सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। इस पर चार करोड़ रुपए खर्च होंगे। लॉकर रूम, हैंड वाश एरिया, शू रूम आदि सहित सब आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था करते हुए दो मंजिला कम्युनिटी सेंटर भी श्मशान घाट के अंदर की निर्मित होगा।
रजनी इंद्रजीत विरमानी, चेयरपर्सन, नगर परिषद गोहाना
