सरकारी पानी की सप्लाई में बदबूदार गंदे पानी से परेशान राम गली गोहाना वासी, अधिकारियों का करेंगे घेराव
गोहाना :-15 अप्रैल : शहर के वार्ड नंबर 21 में स्थित राम गली के नागरिक दो महीने से बदबूदार और गंदे पानी इस्तेमाल करने के लिए मजबूर हैं। जनस्वास्थ्य विभाग ने गली को भी उखड़वा दिया,पर समाधान नहीं हुआ | इससे नाराज नागरिकों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ, वह जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगे और अधिकारियों का घेराव करेंगे।
राम गली में इस समय जो पानी सरकारी सप्लाई में आ रहा है, वह न केवल गंधला है अपितु बदबूदार भी है। पीने के लिए तो जैसे-तैसे वाटर जग खरीदे जा रहे हैं, लेकिन दुषित पानी से नहाने से चर्म रोग परेशान करने लगे हैं। अमित गोयल, कृष्ण, संदीप और सुरेश ने कहा कि वे अधिकारियों के इर्द-गिर्द चक्कर काट-काट कर परेशान हो गए हैं। लेकिन कोई हल नहीं हो रहा है। हेल्पलाइन पर भी अनेक बार शिकायतें दर्ज करवा चुके हैं। लेकिन परिणाम शून्य है।
गली वालों ने आरोप लगाया कि समस्या को करने के नाम पर गली को और उखाड़ दिया गया। उखड़ी गली अलग से परेशानी का सबब बनी हुई है। गली में रहने वाली महिलाओं ने बदबूदार पानी दिखाते हुए अधिकारियों को चुनौती दी कि वे इस पानी का एक घूंट भर कर दिखा दें।