भैंसवाल कलां के खरीद केंद्र पर गेहूं की खरीद बंद करने पर भड़के किसान
साइलो पर गेहूं ले जाने के आदेश पर भड़के भैंसवाल कलां गांव के किसान
गोहाना :- 12 अप्रैल : हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा गांव भैंसवाल कलां में केंद्र पर गेहूं की खरीद शुरू न करने पर शुक्रवार को किसान भड़क गए। गोहाना शहर की नई अनाज मंडी में गेहूं की खरीद के मद्देनजर तैयारी और व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे सोनीपत के डी.सी. डॉ. मनोज कुमार से किसानों ने केंद्र पर गेहूं की खरीद शुरू करवाने की मांग की।
डी.सी. ने कहा कि सरकार ने यहां केंद्र न बनाने के आदेश दिए हैं और किसान गांव मोहाना स्थित साइलो में गेहूं लेकर जाएं। इस पर किसान भड़क उठे और नारेबाजी की।
किसानों ने कहा कि गांव भैंसवाल कलां में लगभग 30 साल से गेहूं खरीद के लिए केंद्र चल रहा है यहां पर पिछले वर्ष भी गेहूं की खरीद की गई थी। इस बार प्रशासन ने यहां पर गेहूं खरीद के लिए केंद्र नहीं बनाया । आढ़तियों को यहां पर गेहूं खरीद करने के लिए अधिकारियों द्वारा बारदाना नहीं दिया जा रहा है ।
शुक्रवार को डी. सी. डॉ. मनोज कुमार अधिकारियों के साथ अनाज मंडी में गेहूं खरीद की व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। वहां पर गांव भैंसवाल कलां और आसपास के गांवों के किसान भी पहुंच गए। किसानों ने डी.सी. से भैंसवाल कलां में गेहूं की खरीद के लिए केंद्र शुरू करने की मांग की। डी.सी. ने कहा कि किसान गांव मोहाना स्थित साइलो में सीधा गेहूं ले जा सकते हैं। किसानों ने कहा कि वे साइलो में गेहूं नहीं लेकर जाएंगे बल्कि भैंसवाल कलां में केंद्र को चालू किया जाए। डी.सी. ने आदेश का हवाला देते हुए कहा कि केंद्र शुरू नहीं किया जा सकता है। इस पर किसान भड़क उठे और नारेबाजी करने लगे ।
डी.सी. डा. मनोज कुमार ने शुक्रवार को गोहाना अनाज मंडी में पहुंचकर गेहूं की खरीद का जायजा लिया। उन्होंने मंडी का दौरा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदे गए गेहूं के उठान में तेजी लाई जाए। डी.सी. ने अनाज मंडी में हर प्रकार की व्यवस्थाओं की गंभीरता से पड़ताल की। उन्होंने गेट पास, फसलों की आवक, खरीद और उठान की समीक्षा की।
उन्होंने किसानों व आढ़तियों से बातचीत की। आढ़तियों ने बिजली की सुचारू आपूर्ति की मांग की। इस पर उन्होंने कहा कि निर्बाध बिजली की सप्लाई दी जाएगी। इस मौके पर एस.डी.एम. विवेक आर्य, एस.डी.एम. अमित कुमार, डी. एफ. एस. सी. बिंशल सहरावत, मार्कीट कमेटी के सचिव जितेंद्र कुमार, सचिव ज्योति मोर, हैफेड के डी. एम. उमाकांत आदि मौजूद रहे।