श्रम विभाग ने ईंट भट्टों पर काम करने वाले मजदूरों के मूल वेतन में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर की वृद्धि
गोहाना :-6 अप्रैल : प्रदेश के श्रम विभाग ने ईंट भट्टों पर काम करने वाले मजदूरों के मूल वेतन में वृद्धि कर दी है। यह वृद्धि इस आधार पर विशेष उल्लेखनीय है कि नई दरें उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर संशोधित कर दी गई हैं।
हरियाणा श्रम आयोग द्वारा जारी लिखित आदेश के अनुसार प्रति एक हजार ईंटों के लिए पथेरा को 622.40 रुपए, कैरीवाला को 49.74 रुपए, निकासी वाला का 205.35 रुपए मिलेंगे जब कि पथेरा को प्रति एक हजार टाइल के लिए 700.21 रुपए का भुगतान होगा ।
भट्टे में ईंटों की भराई करने वाले मजदूरों को खेत से भट्टे की दूरी 400 मीटर होने पर 280.04 रुपए, इससे अधिक दूरी के लिए 100 मीटर या इस के भाग पर 24.83 रुपए प्रति एक हजार ईंट के लिए अतिरिक्त मजदूरी दी जाएगी। ये दरें गधे या खच्चर की पीठ पर लाद कर भरने वालों के लिए होंगी।
टैम्पो या पशु चालित रेहड़ी या किसी अन्य यांत्रिक वाहन से ईंटों की भराई करने पर 230.23 रुपए एक हजार मीटर की दूरी के लिए दिए जाएंगे। 24.83 रुपए प्रति हजार की अतिरिक्त मजदूरी प्रत्येक 500 मीटर या इसके भाग पर दी जाएगी।
12642.12 मासिक का वेतन अब चुनाई वाले, मिस्त्री, कोलमैन और जलाई वाले श्रमिकों को दिए जाएंगे।
