तिरंगे की भांति पोषक आहार में भी हों तीन रंग : निर्मला देवी
गोहाना :-26 मार्च: जैसे तिरंगे में तीन रंग होते हैं, वैसे ही आपके पोषक आहार में भी तीन रंग होने चाहिएं मंगलवार को यह संदेश कथूरा विकास खंड की डब्ल्यू. सी. डी. पी. ओ. निर्मला देवी ने दिया। उनके अनुसार भोजन में सफेद रंग का प्रतिनिधित्व दूध और दूध से बने उत्पादों को करना चाहिए, हरे रंगे की नुमाइंदगी हरी सब्जियों से हो तो केसरिया रंग की पूर्ति विभिन्न रंगों के फलों से होनी चाहिए।
डब्ल्यू.सी.डी.पी.ओ. ने महिलाओं को पोषक आहार के सेवन की शपथ भी दिलवाई। कार्यक्रम का संयोजन सुपरवाइजर पिंकी और स्वीटी, एकाउंटेंट रेखा ने किया कार्यक्रम में आंगनबाड़ी की कर्मचारियों ने रंगोली बना कर पौष्टिक आहार का महत्व दर्शाया।
मुख्य अतिथि निर्मला देवी ने कहा कि महिलाओं को अपने आहार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिनभर व्यस्त रहते हुए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के पहलू को उपेक्षित नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक आप स्वयं स्वस्थ नहीं होंगी, तब तक परिवार का ध्यान भी नहीं रख सकेंगी।


