समाजवादी क्रांति के प्रेरणास्रोत थे भगत सिंह : डॉ. सी.डी. शर्मा
गोहाना :-23 मार्च: सरदार भगत सिंह समाजवादी क्रांति के प्रेरणास्रोत थे। शनिवार को यह टिप्पणी हरियाणा जन संघर्ष मंच के प्रदेश सलाहकार डॉ. सी.डी. शर्मा ने की। वह अपने मंच, समतामूलक महिला संगठन तथा निर्माण कार्य मिस्त्री मजदूर यूनियन के तत्वावधान में शहीद भगत सिंह पार्क में हुए शहीदी दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले पुराने बस स्टैंड पर स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
शहीदी दिवस समारोह का संचालन डॉ. सुनीता त्यागी और रमेश वजीरपुरा द्वारा किया गया। सोनीपत के सतीश कुमार ने कहा कि मौजूदा समस्याओं का समाधान शहीद भगत सिंह द्वारा दिखाए मार्ग से ही संभव है। जींद के सुधीर शास्त्री ने कहा कि राज सत्ता पूंजीपतियों को खुला संरक्षण दे रही है। सूरजभान चहल ने किसानों के शोषण पर रोष व्यक्त किया। दिल्ली से आए गजेंद्र रावत ने कहा कि राजपाट पर काबिज रहने के लिए एक-दूसरे से लड़वाने की साजिश रची जा रही है। अजय प्रकाश ने कहा कि देश की 60 फीसदी सम्पति पर चार घरानों का कब्जा है। दिल्ली के तरुण बोस ने कहा कि आदिवासी वर्ग के खिलाफ जा कर वन सुरक्षा कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यमुना नगर के संदीप वालिया ने कहा कि शहीद भगत सिंह के विचार क्रांति की ज्वाला को जगाते हैं ।


