हरियाणा सरकार जल्द दे सकती है गोहाना को पंजाबी भवन की सौगात
गोहाना :-21 मार्च : हरियाणा सरकार जल्दी ही गोहाना शहर को पंजाबी भवन की सौगात दे सकती है।
नगर परिषद पंजाबी भवन के निर्माण के लिए इस शर्त पर तैयार है कि उसे पुराने बस स्टैंड पर उपलब्ध पशुपालन विभाग की जमीन ट्रांसफर कर दी जाए। पंजाबी भवन के निर्माण की प्रक्रिया को गोहाना भाजपा मंडल के अध्यक्ष सुमित कक्कड़ ने प्रारंभ किया है।
गोहाना में सब प्रमुख समाजों के भवन हैं। वैश्य समाज के लिए पुरानी अनाजमंडी में अग्रवाल सत्संग भवन है तो ब्राह्मण समाज के लिए पुराने बस स्टैंड पर ब्रह्म भवन के साथ सेक्टर 7 में भगवान परशुराम आश्रम है इसी सेक्टर में जाट भवन भी निर्माणाधीन है। लेकिन पंजाबी समाज का कोई भवन नहीं है।
5 महीने पहले गोहाना भाजपा मंडल के अध्यक्ष सुमित कक्कड़ ने राज्य सरकार को एक पत्र लिखा। इस पत्त्र का सरकार ने संज्ञान ले लिया तथा उस पत्र पर बाकायदा नगर परिषद से जवाब भी मांग लिया ।
नगर परिषद के जवाब से ही उम्मीद जगी है कि पंजाबी भवन का बरसों पुराना सपना हकीकत में बदल सकता है।
सुमित कक्कड़ ने दो स्थानों को प्रस्तावित किया था। इनमें से एक स्थान शहीद मदन लाल धींगड़ा पार्क तो दूसरा स्थान पुराने बस स्टैंड पर स्थित पशु अस्पताल के जर्जर भवन का था । पशु अस्पताल को शहर से बाहर शिफ्ट करने का निर्णय हो चुका है। ऐसे में यह जमीन पशु अस्पताल के यहां न रहने के साथ सरप्लस हो जाएगी।
गोहाना भाजपा मंडल के अध्यक्ष के आवेदन पर सरकार ने नगर परिषद से जवाब मांगा। नगर परिषद ने जो जवाब दिया, उसमें दर्ज है कि अमर शहीद मदन लाल धींगड़ा पार्क में पहले से कम्युनिटी सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में पार्क में पंजाबी भवन के निर्माण के लिए स्थान उपलब्ध नहीं करवाया जा सकता है। लेकिन नगर परिषद ने पशु अस्पताल के पुराने जर्जर भवन को ले कर संभावना को रेखांकित किया है। नगर परिषद के सरकार को भेजे लिखित जवाब में कहा गया है कि अगर पशुपालन विभाग जमीन को नगर परिषद को ट्रांसफर कर दे, उस जमीन पर पंजाबी भवन का निर्माण नगर परिषद करवा देगी।
ऐसे में आसार बन रहे हैं कि पशु अस्पताल की जमीन, जो दीनबंधु चौ. छोटू राम चौक में मुख्य सड़क पर स्थित है, में पंजाबी भवन का निर्माण शीघ्र संभव हो सकता है।



