मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने गोहाना के खाद्य आपूर्ति विभाग में मारा छापा, रैड में दो इंस्पेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर मिले अनुपस्थित
गोहाना :-21 मार्च : गोहाना के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में गुरुवार सुबह सी. एम. के फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने छापा मारा। टीम को 14 में से चार कर्मी कार्यालय से अनुपस्थित मिले। गैरहाजिर मिले कर्मचारियों में दो इंस्पेक्टर और दो सब इंस्पेक्टर हैं। टीम ने कार्यालय में रिकॉर्ड भी खंगाला।
गोहाना के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के समय पर नहीं पहुंचने की लगातार शिकायत मिल रही थी। इसी के चलते मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की तीन सदस्यीय टीम सुबह 10 बजे खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय में पहुंची। कार्यालय खुलने का समय सुबह 9 बजे था। टीम में इंस्पेक्टर सुनील, इंस्पेक्टर श्रवण और ए.एस.आई. सत्यनारायण शामिल रहे। टीम ने कार्यालय में जाते ही रजिस्टर की जांच की। रजिस्टर में 14 अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम मिले। इनमें नियमित कर्मचारी 11 और अनियमित कर्मचारी 3 थे । जब टीम ने जांच की तो चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें दो इंस्पेक्टर व दो सब इंस्पेक्टर हैं। इसके बाद टीम ने कार्यालय में रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया। टीम ने कार्यालय में रजिस्टरों की जांच की।
टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर सुनील ने बताया कि खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर नवनीत हुड्डा, इंस्पेक्टर शरद कुमार, सब इंस्पेक्टर अमित कुमार और सब इंस्पेक्टर धमन सिंह गैरहाजिर मिले। रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय में भेज दी गई है। विभाग की तरफ से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
टीम ने खुलासा किया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय में बायोमेट्रिक मशीन लगी हुई है। लेकिन डेढ़ साल पहले इस मशीन के खराब होने के बाद उसे रिपेयर ही नहीं करवाया गया तथा कर्मचारी मैनुअल तरीके से रजिस्टर में हाजिरी लगाते हैं।
