मंत्रिमंडल विस्तार में रोहतक-सोनीपत की उपेक्षा पर भड़के गोहाना और बरोदा के कांग्रेस विधायक जगबीर और इंदुराज
गोहाना :-19 मार्च : नायब सिंह सैनी मंत्रिमंडल के विस्तार में न तो रोहतक संसदीय क्षेत्र, न ही सोनीपत संसदीय क्षेत्र के किसी विधायक को मंत्री बनाया गया। मंगलवार की शाम को गोहाना हलके के कांग्रेस विधायक जगबीर सिंह मलिक और बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने इस पर सख्त एतराज किया। उन्होंने स्मरण करवाया कि दोनों संसदीय क्षेत्रों में 18 विधायक होने का अभिप्राय कुल विधायकों का पांचवां हिस्सा होना है।
जगबीर सिंह मलिक ने कहा कि दोनों संसदीय क्षेत्रों की सम्पूर्ण उपेक्षा कर भाजपा ने इन इलाकों की जनता का अपने प्रति मोहभंग कर दिया है जिसकी भारी कीमत 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में चुकानी पड़ेगी।
गोहाना हलके के कांग्रेस विधायक ने कहा कि कायदे से सी.एम. सहित 14 मंत्रियों में से एक तिहाई रोहतक-सोनीपत संसदीय क्षेत्रों से होने चाहिए थे। लेकिन तीन विधायकों को मंत्री बनाना दूर, भाजपा ने तो एक भी विधायक को मंत्री पद की सौगात नहीं दी।
जगबीर सिंह मलिक और बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने कहा कि दस साल से भाजपा रोहतक-सोनीपत से सौतेला व्यवहार कर रही है। विकास की अनदेखी करते-करते अब राजनीतिक अनदेखी भी कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस इलाके को कांग्रेस का भक्त होने की सजा दे रही है।


