बिचपड़ी गांव में एक ग्रामीण को पहले धक्का मार कर जोहड़ में गिराया, फिर बाहर निकलने पर करी मार पीट
गोहाना :-17 मार्च : बिचपड़ी गांव में एक ग्रामीण को पहले धक्का मार कर जोहड़ में गिरा दिया गया। उसके बाद बाहर निकलने पर उसकी पिटाई कर दी गई। ग्रामीण ने तीन लोगों पर मारपीट व धमकी देने का आरोप
लगाया। इसको लेकर उसने सदर थाना में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बिचपड़ी गांव निवासी श्रीभगवान ने पुलिस को बताया कि उसने गोहाना में वेल्डिंग की दुकान कर रखी है। वह 15 मार्च को देर शाम करीब साढ़े 8 बजे गांव के जोहड़ के पास से होते हुए अपने घर जा रहा था।
वहां बरगद के पेड़ के नीचे संजय व दो अन्य युवक बैठे हुए थे। उसने संजय से हालचाल जाना तो उसके पास बैठे एक युवक ने धक्का मार कर उसे जोहड़ में गिरा दिया।
जब वह जोहड़ से बाहर निकला तो संजय व दूसरे युवक ने उसके साथ हाथापाई की और उसे चोटें मारी। यही नहीं उन्होंने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। झगड़े का शोर सुनकर उसके परिवार के सदस्य वहां पहुंचे और उसे छुड़वाकर घर ले गए। बाद में परिजनों ने उसे शहर के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसे बी.पी.एस. राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



