बरोदा गांव में कहासुनी की रंजिश में छत से चचेरे भाइयों पर बरसाए पत्थर
गोहाना :-16 मार्च : कहासुनी की रंजिश में बरोदा गांव में एक मकान की छत से दो चचेरे भाइयों पर पत्थर बरसा दिए गए। एक घायल युवक को खानपुर कलां गांव के महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उसके बयान पर एक ही परिवार के चार नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया ।
नीरज पुत्र हरिमोहन गांव बरोदा मोर का रहने वाला है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पड़ोसी राम किशन का लड़का अरविंद शराबी प्रवृत्ति का है। एक महीने पहले वह गली में खड़ा हो कर पेशाब कर रहा था। इस पर नीरज की मां ने उसे ऐसा करने से रोक दिया। तब अरविंद के घर वालों ने नीरज की मां को भला-बुरा कहा ।
नीरज के अनुसार 14 मार्च की रात को 10:30 बजे उसका चचेरा भाई अरुण गोहाना से गांव में आया। उस समय राम किशन, उसकी पत्नी संतोष और दोनों बेटे अरविंद और बलविंद्र अपने घर की छत पर खड़े थे। चारों आरोपियों ने छत से ही अरुण पर पत्थर बरसाने प्रारंभ कर दिए। अरुण भाग कर एक घर में घुस गया।
नीरज का कहना है कि अरुण की आवाज सुन कर जब वह घर से बाहर आया तो चारों आरोपियों ने उस पर भी पत्थर मारे। इस हमले में अरुण और नीरज घायल हो गए। परिजनों ने उन दोनों को गोहाना के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया।



