गोहाना के दुकानदारों के सराहने पर डी.सी.पी. ने अनिल को किया सम्मानित
गोहाना :-16 मार्च: अपनी ड्यूटी को धर्म समझ कर जब दिया जाता है, तब जनता भी दीवानी हो जाती है दुकानदारों के सराहने पर गोहाना पुलिस जिले के डी.सी.पी. आर. एस. तोमर ने यातायात पुलिस के सिपाही अनिल कुमार को सम्मानित किया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोहाना नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन और वर्तमान में शहर के वार्ड नंबर 8 के नगर पार्षद आजाद सिंह मलिक ने की। सम्मान समारोह पुराने बस स्टैंड पर हुआ जहां अनिल कुमार को कैश अवार्ड और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने के लिए स्वयं
डी.सी.पी. आर. एस. तोमर मौके पर पहुंचे।
डी.सी.पी. के सामने दुकानदारों ने यातायात पुलिस के सिपाही अनिल कुमार की जम कर तारीफ की। दुकानदारों का कहना है कि अनिल बेहद विनम्र हैं। वह सबसे शालीन व्यवहार करते हैं। अगर कोई रेहड़ी वाला अस्वस्थ हो, उसका हालचाल पूछने के लिए उसके घर भी पहुंच जाते हैं। अपने इलाके में वह कभी जाम नहीं लगने देते।
दुकानदारों के अनुसार अनिल किसी बुजुर्ग को अकेला देख कर खुद सड़क पार करने में सहयोग करते हैं। बसों पर महिला यात्री जब तक आराम से चढ़ उतर न जाएं, तब तक वह बस को स्टार्ट नहीं होने देते। दुकानदारों ने भी सामूहिक रूप से सिपाही अनिल कुमार को सम्मानित किया।
नगरपरिषद के पूर्व चेयरमैन आजाद सिंह मलिक ने कहा कि अनिल केवल अपने ड्यूटी क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। वह आसपास के इलाके को भी संभालते रहते हैं।



