जिला नगर योजनाकार की टीम ने गोहाना और खंदराई की अवैध कॉलोनियों को किया ध्वस्त
गोहाना :-15 मार्च : जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने शुक्रवार को शहर के साथ खंदराई गांव की राजस्व संपदा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कराया। इस दौरान टीम ने खंदराई गांव में 3 एकड़ पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में 12 डीपीसी, 4 चारदीवारी व कच्चे रास्तों को जेसीबी से उखाड़ा गया। इसके अलावा शहर में 2 एकड़ पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में 38 डीपीसी, 15 चारदीवारी व कच्चे रास्ते को ध्वस्त किया गया। वहीं 2.5 एकड़ पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में 30 डीपीसी, 15 चारदीवारी और कच्चे रास्तों को उखाड़ा गया।
डीटीपी नरेश कुमार ने कहा कि जिले में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण को शुरुआत में ही ध्वस्त करने के लिए प्रशासन द्वारा अभियान चलाया गया है। इसी के तहत गोहाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अवैध कॉलोनियों में भू-माफियाओं के बहकावे में आकर प्लॉट न खरीदें, क्योंकि अवैध कॉलोनी में सरकार द्वारा किसी भी प्रकार की सुविधा नहीं दी जाती। इसके अलावा प्लॉट लेने से पहले यह जरूर जांच ले कि कॉलोनी निर्माण करने के लिए सरकार द्वारा अनुमति ली है या नहीं। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी अवैध कॉलोनी का निर्माण नहीं करने दिया जाएगा। अगर कोई भी व्यक्ति अवैध कॉलोनी विकसित करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
