मुंडलाना पंचायत समिति के मेंबर को चचेरे भाई ने मारी गोली
गोहाना :-13 मार्च: मुंडलाना पंचायत समिति के एक मेंबर को उसी के चचेरे भाई ने गोली मार दी। गोली मेंबर के कूल्हे में लगी। उसे उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में लाया गया। वहां से उसे महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने नामजद आरोपी पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया।
सतबीर पुत्र सूबे सिंह मुंडलाना गांव का रहने वाला है। वह मुंडलाना पंचायत समिति का मेंबर है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके चाचा राम दिया के तीन लड़कों में शमशेर की मृत्यु हो चुकी है। बाकी के दो लड़के सुभाष और सुरेंद्र आपस में झगड़ा कर रहे थे।
सतबीर का कहना है कि झगड़े की आवाज सुन कर वह सुभाष और सुरेंद्र के घर में चला गया। वहां वह उनको छुड़वाने की कोशिश करने लगा। तभी सुभाष ने तैश में आ कर अपनी पिस्तौल निकाली तथा जान से मारने की नीयत से उस पर फायर कर दिया।
गोली सतबीर के कूल्हे में लगी। उसे उसका बेटा कर्मपाल इलाज के लिए गोहाना के नागरिक अस्पताल में लाया। वहां से उसे गांव खानपुर कलां स्थित बी.पी.एस. राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रेफर कर दिया । पुलिस मामले की जांच कर रही है।



