हिसार के सांसद के कांग्रेस को ज्वाइन करने पर राज्यसभा सांसद की प्रतिक्रिया
बादल उठते और बरसते हैं, पर समुद्र को कोई फर्क नहीं पड़ता : जांगड़ा
गोहाना :-10 मार्च : कुछ लोग मौसम के हिसाब से बदल जाते हैं। भाजपा तो एक समुद्र है, बादल उठते हैं, बरसते हैं, लेकिन समुद्र को कोई फर्क नहीं पड़ता । रविवार को यह टिप्पणी भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने हिसार के सांसद बृजेंद्र सिंह के कांग्रेस ज्वाइन करने पर अपनी प्रतिक्रिया में की।
राज्यसभा सांसद गोहाना में ठसका रोड पर स्थित कबीर आश्रम में एक कार्यक्रम में आए थे और पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बृजेंद्र सिंह को भाजपा को नहीं छोड़ना चाहिए था। उन्हें भी उनके जाने का दुख है।
रामचंद्र जांगड़ा ने दावा किया कि भाजपा ने बीरेंद्र सिंह के परिवार को मान-सम्मान देने में कोई कसर बाकी नहीं रहने दी। उनकी पत्नी को विधायक, उनके बेटे को सांसद बनाया । स्वयं उन्हें राज्यसभा में भेजा और केंद्रीय मंत्री बनाया।
जांगड़ा ने जोड़ा कि 2019 में उनकी भी गोहाना हलके से टिकट काट दी गई थी, पर उन्होंने तो भाजपा नहीं छोड़ी।
राज्यसभा सांसद ने अपने आरोप को दोहराया कि किसान आंदोलन की आड़ में ही नशे के सौदागरों ने प्रदेश में घुसपैठ की। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के बाद ही राज्य में नशे और अपराध में वृद्धि हुई।
रामचंद्र जांगड़ा ने दावा किया कि मुट्ठीभर किसान ही आंदोलन कर रहे हैं। उनके अनुसार उन्होंने कपूरथला में किसानों की बैठक की। उस बैठक में किसानों ने एक सुर में कहा कि वे पी.एम. नरेंद्र मोदी की नीतियों के समर्थक हैं।
जांगड़ा ने एक किसान नेता के उस बयान का
खास तौर से हवाला दिया जिसमें उसने कहा था कि अयोध्या में भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा से पी.एम. मोदी का जो कद बड़ा हुआ है, उसी को छोटा करने के लिए किसान आंदोलन हो रहा है।


