हरियाणा में भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार फाइनल करने में संघ की एंट्री: पार्टी के भेजे पैनल में नए नाम जोड़े गए सर्वे की रिपोर्ट के बाद लिया गया फैसला
सोनीपत :-लोकसभा चुनावों को लेकर BJP ने संभावित प्रत्याशियों को लेकर फाइनल सर्वे भी कराया है। सभी 10 सीटों के लिए प्रत्याशियों के पैनल केंद्रीय पार्लियामेंट बोर्ड के पास पहले ही पहुंचे हुए हैं। पैनलों में कुछ अन्य नाम भी जोड़े हैं। यह सर्वे संघ द्वारा चंद सीटों पर दी गई रिपोर्ट के बाद कराया गया है।
रविवार यानी आज नई दिल्ली में भाजपा पार्लियामेंट बोर्ड की बैठक होगी, इसमें हरियाणा की लोकसभा सीटों पर भी मंथन हो सकता है। इसके बाद पार्टी द्वारा कुछ प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जा सकता है। वैसे सभी दल एक-दूसरे के प्रत्याशी को देखकर ही टिकट फाइनल करने की जुगत में हैं। भाजपा अब जातिगत, क्षेत्रीय समीकरणों के हिसाब से प्रत्याशियों पर निर्णय कर सकती है।
कुरुक्षेत्र सीट से कैलाशो सैनी का नाम आगे है, पैनल में प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी का नाम भी शामिल हैं। अंबाला से बंतो कटारिया, पूर्व विधायक संतोष सारवान के नाम पर मंथन चल रहा है। रोहतक से अरविंद शर्मा रेस में आगे हैं, इनकी पैरवी संघ ने की है। सोनीपत से मोहनलाल बड़ौली, योगेश्वर दत्त व कविता जैन का नाम भी चल रहा है।
करनाल से मौजूदा सांसद संजय भाटिया का नाम आगे है। यहां से सर्वे के अनुसार, घरौंडा से भाजपा के 2 बार के विधायक हरविंद्र कल्याण का नाम भी शामिल है। पानीपत सिटी विधायक प्रमोद कुमार विज के अलावा पानीपत की एक महिला नेत्री के नाम पर फीडबैक लिया गया है
हिसार सीट पर भाजपा सबसे ज्यादा मंथन कर रही है। यहां से पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कैप्टन भूपेंद्र सिंह, डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा के नाम पर मंथन चल रहा है। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से सांसद धर्मबीर सिंह, डॉ. सुधा यादव के नामों पर विचार की खबर है। गुरुग्राम से राव इंद्रजीत सिंह का नाम तय माना जा रहा है। फरीदाबाद में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, राजेश नागर, विपुल गोयल दौड़ में हैं।
सिरसा में सांसद सुनीता दुग्गल, डॉ. अशोक तंवर व बलकौर सिंह का नाम चल रहा है। केंद्रीय नेतृत्व सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए लगातार कवायद कर रहा है। इससे पहले भी पार्टी ने प्रत्याशियों को लेकर सर्वे कराए हैं। सभी तरह के फीडबैक के बाद ही पार्टी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करेगी।


