समतामूलक महिला संगठन ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गोहाना में निकाला जुलूस
महिलाओं की मुक्ति के बिना समाजवाद संभव नहीं : डॉ. त्यागी
गोहाना :-8 मार्च: अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार को समतामूलक महिला संगठन ने गोहाना शहर में समता चौक से शहीद भगत सिंह की प्रतिमा तक जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया।
जुलूस का नेतृत्व संगठन की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुनीता त्यागी ने किया। जुलूस में अनिता, रेखा, बीरमती, कमलेश बाला, इन्द्रावती, गीता, डॉ. रितु, बबीता, सरोज,
बिमला, स्नेहा, जया, सोनिया, शीतल आदि शामिल हुई। जुलूस ब्रह्म भवन में समाप्त हुआ। डॉ. सुनीता त्यागी ने मौजूदा
पूंजीवादी पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं के प्रति तेज़ी से बढ़ रही हिंसा और शोषण के खिलाफ एकजुट होकर मोर्चा निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मुक्ति बिना समाजवाद सम्भव नहीं है।
आराधना ने महिला दिवस के इतिहास और क्रांतिकारी महिलाओं के संघर्षों पर प्रकाश डाला। सोनी प्रसाद ने पारिवारिक जीवन में महिलाओं के संघर्ष को रेखांकित किया तथा मजबूती से एक साथ कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया। डॉ. मीनाक्षी ने महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त होने की अपील की। अम्बाला की बिट्टू ने बताया कि कैसे आज राजनेता महिलाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
समतामूलक महिला संगठन ने जस्टिस वर्मा आयोग की सिफारिशों को लागू करने, अश्लीलता के प्रचार और नशीले पदार्थों के प्रसार पर रोक लगाने, ब्लॉक स्तर पर ‘वन स्टॉप सेंटर’ स्थापित करने, प्रेम विवाह तथा अन्तर्जातीय विवाह को सामाजिक मान्यता देने, सभी स्त्रियों को स्थायी सम्मानजनक रोजगार देने, समान काम के लिए समान वेतन और महिलाओं को उच्चतम स्तर तक मुफ्त शिक्षा देने की मांगें रखीं।



