गोहाना नगर परिषद 72 लाख से करवाएगा आर्य नगर एक्सटेंशन की 9 गलियां पक्की
गोहाना :-7 मार्च: शहर के वार्ड नंबर 14 स्थित आर्य नगर एक्सटेंशन की 9 कच्ची गलियों को 72 लाख रुपए से पक्का बनाया जाएगा। गुरुवार को नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी आर्य नगर एक्सटेंशन में पहुंचीं। वहां उन्होंने नई बनने वाली गलियों का शिलान्यास किया।
शिलान्यास की अध्यक्षता नगर पार्षद विजय कुमार ने किया। मार्गदर्शन उनकी मां राजेश देवी का रहा जो पिछली टर्म में नगर परिषद की वाइस चेयरपर्सन थीं। आर्य नगर एक्सटेंशन की नई बनने वाली 9 गलियों
का शिलान्यास करते हुए चेयरपर्सन ने कहा कि यह इलाका हाल ही में नियमित हुआ है। उनके अनुसार गलियां नई बनाने के साथ इस एक्सटेंशन में और भी सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
रजनी इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि नगर परिषद शहर के सब 23 वार्डों का बिना भेदभाव समान विकास करवा रही है। उन्होंने कहा कि सी.एम. मनोहर लाल खट्टर गोहाना शहर के विकास के लिए जी खोल कर पैसा मुहैया करवा रहे हैं।
