गोहाना के व्यवसायी के बेटे को दाखिला दिलाने का झांसा दे ठग लिए 9.95 लाख
गोहाना :-7 मार्च : शहर के एकव्यवसायी से उनके बेटे के दिल्ली के एक कॉलेज में दाखिला करवाने का झांसा देकर 9.95 लाख रुपए ठग लिए गए। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुमित सहगल पुत्र स्व. चंद्रमोहन सहगल जींद रोड पर नई अनाज मंडी के निकट स्थित श्रीकृष्णपुरम सहगल कॉलोनी में रहते हैं। रोहतक रोड पर उनकी टू व्हीलर की एजेंसी है।
उनके अनुसार सोनू यादव पुत्र राम खिलावन यादव वार्ड नंबर 16 स्थित चोपड़ा कॉलोनी का निवासी है। वह उनकी एजेंसी पर उनके पास आता रहता था। उसने कहा कि जैसे ही आप का बेटा 12वीं पास कर लेगा, मैं उसका
दाखिला दिल्ली में रोहिणी में स्थित शहीद सुखदेव सिंह कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में करवा दूंगा।
सुमित सहगल के अनुसार पिछले साल जब उन बेटे ने 12वीं कर ली, तब सोनू ने उनकी और उनकी पत्नी की बात अपने दोस्त विकास श्रीवास्तव से यह कह कर करवाई कि वह आपके बेटे का एडमिशन करवाएगा। उसने यह भी कहा कि उसने अपनी बेटी के एम.बी.बी.एस. में दाखिले के लिए विकास श्रीवास्तव को 15 लाख रुपए की पेमेंट की है।
व्यवसायी का कहना है कि उन्होंने 9 जून 2023 को विकास श्रीवास्तव के खाते में एक लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। धीरे-धीरे वह सोनू यादव और विकास श्रीवास्तव की बातों में उलझते चले गए तथा उन्होंने कुल 9,95,200 रुपए ऑनलाइन भेज दिए। यह राशि उन्होंने अपनी पत्नी और एजेंसी के एक कर्मचारी के खाते से भेजी।
सुमित सहगल का आरोप है कि जब उनके बेटे का दाखिला नहीं हुआ, उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। दोनों आरोपियों ने पैसे लौटाने से मना कर दिया तथा उनके फोन भी उठाने बंद कर दिए। उन्होंने पुलिस को की शिकायत के साथ दोनों खातों की बैंक स्टेटमेंट भी संलग्न की हैं।
गोहाना सिटी थाने ने दोनों नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया।



