गोहाना उपमंडल के गांव भावड़ के केंद्र से प्रश्न पत्र हुआ लीक, केंद्र की परीक्षा रद्द, परीक्षार्थी, केंद्र अधीक्षक व अन्य पर केस दर्ज
गोहाना :-6 मार्च: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं की हिंदी की परीक्षा में बुधवार को गांव भावड़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के केंद्र से प्रश्नपत्र लीक हो गया।
सूचना मिलने पर बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। केंद्र के एक परीक्षार्थी ने पेपर लीक किया था। परीक्षार्थी,केंद्र अधीक्षक व अन्य अधिकारियों पर केस दर्ज किया गया। इसके साथ में यहां से पूरे स्टाफ को तुरंत प्रभाव से रिलीव कर दिया गया।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वी.पी. यादव को सूचना मिली कि गांव भावड़ के परीक्षा केंद्र से हिंदी विषय का प्रश्र पत्र आउट हुआ है। इस पर उन्होंने बोर्ड द्वारा गठित नियन्त्रण कक्ष रोहतक से संचालित एस.टी.एफ. 2 उड़नदस्ते को मौके पर भेज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
एस.टी.एफ. 2 द्वारा जांच करने पर पता चला कि परीक्षा केन्द्र से एक परीक्षार्थी द्वारा पेपर को वायरल किया गया है। एस.टी. एफ-2 द्वारा तुरन्त प्रभाव से इस केन्द्र पर संचालित हुई परीक्षा को रद्द कर दिया। सम्बन्धित परीक्षार्थी, केन्द्र अधीक्षक, उप केन्द्र अधीक्षक, आबजर्वर व पर्यवेक्षक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाई गई।
केन्द्र में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात पूरे स्टाफ को तुरन्त प्रभाव से परीक्षा ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया तथा जिला शिक्षा अधिकारी के तुरन्त प्रभाव से आगामी परीक्षाओं के लिए केन्द्र पर नए स्टाफ की व्यवस्था करने बारे निर्देश दिए गए। इसके अलावा क्षेत्र के दूसरे केंद्रों पर भी नकल चली।



