गोहाना क्षेत्र में चोरों ने तीन अलग-अलग जगहों पर चोरी की वारदातों को दिया अंजाम
गोहाना :-2 मार्च : गोहाना क्षेत्र में चोरों ने अलग-अलग तीन जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। इसको लेकर ग्रामीणों ने संबंधित पुलिस को शिकायत दी। इस पर पुलिस ने अलग-अलग केस दर्ज कर लिए। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
पहले मामले में बुटाना गांव निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह औचंदी बॉर्डर स्थित श्याम बिल्डर्स पर ड्राइवर की नौकरी करता है। वह 29 फरवरी को औचंदी बॉर्डर से ईंट भरने के लिए गांड़ी लेकर पंजाब जा रहा था।
इसके चलते वह रात को 10 बजे अपने गांव बुटाना में पहुंचा। वह रात का समय होने के कारण गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी करके घर चला गया। इसके बाद अगले दिन
सुबह करीब 4 बजे पंजाब जाने के लिए सड़क किनारे आया तो वहां से गाड़ी गायब मिली।
दूसरे मामले में पूठी गांव निवासी प्रमोद ने सदर थाना की पुलिस को बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है।27 फरवरी को उसने अपनी ट्राली खेत में काम करके वहीं खड़ी कर दी थी। इसके बाद वह अगले दिन खेत में गया तो उसकी ट्राली वहां नहीं मिली। उसने अपने स्तर पर भी ट्राली की तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। उसकी ट्राली को कोई चोरी कर ले गया।
“वहीं तीसरे मामले में भादौठी खास गांव निवासी प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उसके खेत गांव से मुंडलाना रोड़ पर हैं। उसके खेत में 16 के. वी. ए. का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। वह 26 फरवरी को जब खेत में गया तो ट्रांसफार्मर ठीक था। इसके बाद जब वह 29 फरवरी को सुबह अपने खेत में गया तो उसका ट्रांसफार्मर नीचे पड़ा हुआ मिला और उसकी क्वाइल निकली हुई थी। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर से तेल निकला हुआ था |आरोप है कि चोर उसके ट्रांसफार्मर से क्वाइल व तेल चोरी कर ले गए।
पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।



