गोहाना उपमंडल के बीपीएल व एएवाई के पात्र परिवारों को 8 मार्च तक मिलेगा फरवरी का राशन
गोहाना :-1 मार्च : उपमंडल के बीपीएल व एएवाई के पात्र परिवारों को फरवरी का राशन संबंधित डिपो में 8 मार्च तक मिलेगा। इसके लिए विभाग ने संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी किया है। विभाग ने फरवरी के दिन कम होने, देरी से तेल वितरण होने व अन्य कारणों के चलते वंचित लाभार्थियों के लिए यह निर्णय लिया है। इसको लेकर अधिकारियों ने पात्र परिवारों को समय पर डिपो में जाकर राशन लेने की अपील की। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अंतर्गत उपमंडल में बीपीएल व एएवाई श्रेणी के 58 हजार 967 लाभार्थी शामिल हैं।
गोहाना ब्लॉक में 29 हजार 431, मुंडलाना में 18 हजार 34 और कथूरा में 11502 लाभार्थी हैं। इन लाभार्थियों को विभाग द्वारा 3 लाख 72 हजार 805 किलो गेहूं, 40 हजार 12 लीटर तेल, 46 हजार 849 किलो चीनी और 8 लाख 41 हजार 233 किलो बाजरा वितरित किया जाता है। अब की बार फरवरी में जहां दिन कम रहे, वहीं डिपो में तेल भी कम पहुंचा। इसके अलावा काफी लाभार्थी अन्य कारणों के चलते राशन नहीं ले सकें। ऐसे में विभाग ने वंचित लाभार्थियों को फरवरी का राशन 8 मार्च तक देने के निर्देश दिए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के स्थानीय इंस्पेक्टर रोहित मलिक ने कहा कि विभाग की तरफ से 8 मार्च तक लाभार्थियों को फरवरी का राशन देने के निर्देश मिले हैं। इसको लेकर सभी डिपो होल्डरों को भी निर्देश दे दिए हैं। वहीं वंचित लाभार्थियों से भी अपील है कि वे अपने संबंधित डिपो में जाकर फरवरी का राशन प्राप्त करें।
