एक ही रात में गोहाना के मोर चौक की 5 दुकानों के ताले टूटे
एक दुकान में लगे सी.सी.टी.वी. के कैमरे भी उतार कर ले गए
गोहाना :-29 फरवरी: चोरों के हौसले पूरे बुलंद हैं। बरोदा रोड पर स्थित मोर चौक में एक ही रात में पाँच दुकानों के ताले चटका दिए गए। दुकानदारों को चोरी की भनक गुरुवार सुबह तब लगी जब वे रोज की तरह से दुकानें खोलने पहुंचे। चोरी की शिकार बनीं दुकानों में से दो दुकानें किराना जब कि एक-एक दुकान हलवाई, कॅन्फेक्शनरी और केमिस्ट की हैं। एक दुकान से चोर सी.सी.टी.वी. कैमरे भी उतार कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी।
बुधवार की रात को चोरों ने एक साथ मोर चौक की पांच दुकानों के ताले तोड़ डाले। जिन दुकानों में चोरी हुई, उनमें कोई भी दो दुकानें आपस में निकट नहीं हैं। प्रत्येक
दुकान से दूसरी दुकानों के मध्य पर्याप्त दूरी है। पांचों दकानों मैं आगे के शटरों के ताले टूटे। तोड़े गए ताले दुकानों के आगे पड़े मिले।
चोरी की सबसे पहली जानकारी कुलबीर मोर को लगी। मोर चौक में उनकी मोर किराना स्टोर के नाम से शॉप कर रखी है। चोर इस दुकान से करीब 60 हजार रुपए की कीमत का सामान और 15 सौ रुपए का कैश ले गए। चोरों के निशाने पर रही दुकानों में मां अन्नपूर्णा कन्फेक्शनरी में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगे हुए थे। ये कैमरे भी चोर उतार कर अपने साथ ले गए। चोर इस दुकान से 12 हजार का कैश और सिग्रेट की बड़ी डिब्बियाँ निकाल कर ले गए।
तीसरी दुकान ओम किराना स्टोर रही। इस स्टोर को चोर 25 हजार की चपत लगा गए। इस दुकान से 12 हजार रुपए का कैश और बाकी का सामान चोर अपने साथ ले गए। हलवाई की लुटी दुकान आरव मिष्ठान्न भंडार रही । इस दुकान से चोर सिग्रेट, बीड़ी और कोल्ड ड्रिंक्स के साथ 3 हजार रुपए का कैश निकाल कर ले गए। पांचवीं दुकान मोर मेडिकोस से चोर करीब तीन हजार रुपए का सामान निकाल कर ले गए। पुलिस थोक में हुई इन चोरियों की जांच में जुट गई है।



