गोहाना के रोहतक रोड पर बोलेरो की टक्कर से पलटा ऑटो, एक ही परिवार के 5 सदस्य घायल
गोहाना :-27 फरवरी : रोहतक रोड पर मंगलवार को एक ऑटो तब पलट गया जब उसे पीछे से बोलेरो कार ने टक्कर मार दी इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घायलों में एक महिला और एक बच्ची भी हैं। पांचों घायलों को उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में पहुंचा दिया गया।
ऑटो को संजीत चला रहा था। वह बिलबिलान गांव का है। वह गोहाना में सी. एन. जी. लेने के लिए आ रहा था। ऑटो में उसके साथ उसी के भाई नवीन और संदीप,
भाभी सुषमा और भतीजी दीपांशी बैठे थे।
जब ऑटो रोहतक रोड पर बाईपास के पास पहुंचा, पीछे से आ रही एक बोलेरो कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार तेज होने से ऑटो रिक्शा सड़क किनारे पलट गया। हादसे को अंजाम देने के बाद अज्ञात बोलेरो का चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे में ऑटो को भारी क्षति हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पी. सी. आर. के सब इंस्पेक्टर अजमेर सिंह के अनुसार पांचों घायलों को मामूली चोटें आई हैं। उन सब को शहर के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया गया।



