गोहाना के गुढ़ा रोड पर बच्चे को बचाने के प्रयास में ट्राला ट्रांसफार्मर से टकराया
गोहाना :-27 फरवरी मंगलवार को शहर में एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूलों की छुट्टी के समय एक ट्राला एक बच्चे को बचाने के प्रयास में असंतुलित हो गया तथा वह बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गया। इससे यातायात बाधित होने के साथ नजदीकी कॉलोनियों की बिजली की सप्लाई ठप हो गई।
यह हादसा बरोदा रोड को महम रोड से जोड़ने वाले गुढ़ा रोड पर हुआ। जहां यह हादसा हुआ, वहां आस-पास कई स्कूल हैं। उस समय स्कूलों की छुट्टी हुई थी तथा बच्चों की भीड़ घर वापस लौट रही थी। तभी एक ट्राला एक गोदाम में पत्थर उतार कर बाहर निकला।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्राले के आगे अचानक एक बच्चा आया। उस बच्चे को बचाने के प्रयास में ट्राला बेकाबू हो गया। ट्राला 11 के. वी. क्षमता के बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभों समेत ट्रांसफार्मर टूट कर नीचे गिर गया। गनीमत यह रही कि हादसे में जानमाल की कोई क्षति नहीं हुई।
हादसे को अंजाम देने के बाद ट्राले का चालक अपने वाहन को मौके पर छोड़ कर वहां से फरार हो गया। सड़क पर ट्राले के बिजली ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद मौके पर यातायात बाधित हो गया। ट्रांसफार्मर के नष्ट होने से उससे जुड़ी कॉलोनियों की बिजली की सप्लाई भी अवरुद्ध हो गई।



