चार नकाबपोशों ने पिस्तौल की नोक पर लूट ली बाइक
गोहाना :-24 फरवरी : कम्पनी से ड्यूटी से लौट रहे दो कर्मचारियों से पिस्तौल के बल पर बाइक लूट ली गई। इस वारदात को घड़वाल रोड पर रिंढाणा नहर के पुल के पास बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने अंजाम दिया। इसको लेकर कंपनी के कर्मचारी ने बरोदा थाना में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
नूरनखेड़ा गांव निवासी सन्नी कुमार ने पुलिस को बताया कि वह और गांव का ही मोनू रोहतक के टिटौली गांव स्थित पंचरत्ना कंपनी में प्राइवेट नौकरी करते हैं। वे दोनों हर रोज की तरह शुक्रवार शाम को करीब 7 बजे टिटौली से अपने गांव जाने के लिए बाइक लेकर चले थे।
जब वे रिंढाणा नहर के पुल से थोड़ी आगे घड़वाल रोड पर पहुंचे तो अनजान युवकों ने उनकी बाइक के सामने अपनी बाइक अड़ा दी। इसके बाद उनकी बाइक को रोक लिया।
बाइक पर चार युवक थे, जो अपने मुंह पर कपड़े बांधे हुए थे। इनमें से एक युवक न पिस्तौल उसकी गर्दन पर लगा दी और बाइक देने को कहा। इसको लेकर उनकी कहासुनी व हाथापाई भी हुई, जिसके बाद वे चारों उसकी बाइक लेकर वहां से भाग गए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।



