गोहाना वासी युवक के क्रेडिट कार्ड से इंश्योरेंस पॉलिसी हटाने का झांसा दे कर साईबर ठग ने निकाले 1.59 लाख
गोहाना :-21 फरवरी : क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस पॉलिसी हटाने के नाम पर साइबर ठग द्वारा एक व्यक्ति से 1.59 लाख रुपए ठग लिए गए। आरोपी ने स्वयं को बैंक अधिकारी बताकर झांसे में लिया और बाद में उसके दो क्रेडिट कार्डों से राशि निकाल ली। इस पर व्यक्ति ने बैंक पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इसको लेकर उसने शहर थाना में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज कर लिया।
शहर की चोपड़ा कॉलोनी निवासी उमेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 8 फरवरी को शाम करीब साढ़े 5 बजे उसके पास एक नंबर से फोन आया। फोन पर बात करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। आरोपी ने उससे कहा कि उसके आई.सी.आई.सी.आई. बैंक के क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस पॉलिसी लिंक है। इस पर उसने कोई पॉलिसी न लेने और उसे हटाने की बात कही।
इसके बाद आरोपी ने उसे एक नंबर डायल करने के लिए कहा। जब उसने नंबर डायल किया तो उसके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से इंश्योरेंस पॉलिसी हटाने का मैसेज आया। उसके बाद वह बाजार में चला गया। इसके करीब आधे घंटे बाद उसके क्रेडिट कार्ड से रुपए कटने के मैसेज आए। इस पर तुरंत उसने अपने क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक कर दिया।
आरोप है कि जब वह बैंक की स्थानीय शाखा में गया तो वहां उसका सहयोग नहीं किया गया। उसे टोल फ्री नंबर पर बात करने के लिए कहा गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद बैंक की तरफ से उसका क्रेडिट कार्ड ब्लॉक किया गया।
उमेश के अनुसार क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने तक आरोपी 1 लाख 14 हजार 989 रुपए निकाल चुका। वहीं उसके दसरे क्रेडिट कार्ड से 44 हजार 996 रुपए निकाले गए। इस पर आरोपियों ने दोनों कार्डों से कुल 1 लाख 59 हजार 985 रुपए निकाले।



