दूसरे दिन भी जारी रहा गोहाना में पी.डब्ल्यू.डी. कर्मचारियों का धरना
गोहाना :-20 फरवरी: हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित आल हरियाणा पी.डब्ल्यू.डी. मैकेनिकल वर्कर यूनियन की भवन एवं सड़क शाखा गोहाना से जुड़े कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी शहर में सिविल रोड स्थित विभाग के कार्यालय में धरना दे रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उपमंडल अभियंता कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर रहे हैं।
दूसरे दिन धरने की अध्यक्षता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी यूनियन की गोहाना इकाई के अध्यक्ष दिलराज मलिक ने की। मंच संचालन स्थानीय शाखा के अध्यक्ष मनोज कुमार ने किया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी यूनियन के चेयरमैन सुभाष भट्टी, पूर्व वित्त सचिव राजेश बागड़ी और सुनील कुमार ने कहा कि उपमंडल अभियंता विभागीय कर्मचारियों की मांगों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं।
कर्मचारी नेताओं ने रोष व्यक्त किया कि अधिकारी द्वारा न तो विभाग की लोडिंग गाड़ी का बीमा करवाया जा रहा है और न ही पी.डब्ल्यू.डी. स्टोर में मिट्टी का भरथ करवाया जा रहा है बारिश के दिनों में स्टोर में पानी घुस जाता है। विभाग के कार्यालय में कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाता है।
धरने पर जयकिशन, दिलबाग, सुरेश, अरविंद, नरेश फौजी, कृष्ण, पवन, नरेश, अशोक और संदीप भी मौजूद रहे।



