प्रतिस्पर्धा की होड़ में छिटक गया चरित्र निर्माण का ध्येय : डॉ. हर्ष नांदल
गोहाना :-20 फरवरी: रोहतक के नेकीराम कॉलेज के डॉ. हर्ष नांदल ने मंगलवार को कहा कि प्रतिस्पर्धा की होड़ में चरित्र निर्माण का ध्येय छिटक गया है। वह बरोदा गांव के गवर्नमेंट कॉलेज में प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित कैरियर काउंसलिंग सेशन को संबोधित कर रहे थे।
अध्यक्षता प्लेसमेंट सेल के संयोजक और कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल पवन लठवाल ने की। मार्गदर्शन कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. शमशेर हुड्डा का रहा। मुख्य वक्ता डॉ. हर्ष नांदल ने कहा कि हमारी परम्परागत शिक्षा का उद्देश्य सर्वांगीण विकास के साथ अच्छे संस्कारों का बीज रोपण भी होता था। लेकिन आज के युग में विद्यार्थी अच्छे प्रोफेशनल या ऑफिसर तो बन जाते हैं, लेकिन संस्कारवान इंसान नहीं बन पाते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में प्रवेश का अर्थ केवल पढ़ाई भी नहीं होता। कॉलेज प्रत्येक विद्यार्थी के ओवरऑल डेवलपमेंट के लिए समर्पित होते हैं।
नेकीराम कॉलेज के डॉ. हर्ष नांदल ने कहा कि अकेले पढना जरूरी नहीं है. समाज के विकास में अपनी आहुति डालना भी आवश्यक है। इस के लिए अनिवार्य है कि आप बेहतर इंसान भी बनो। एक अच्छा इंसान ही देश और प्रदेश की उन्नति में भागीदार बन सकता है।
वाइस प्रिंसिपल पवन लठवाल ने कहा कि बच्चों को अपनी रूचि के सब्जेक्ट लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि साथ में खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए।



