गोहाना के जवाहरा गांव के सरकारी स्कूल में चोरों ने तोड़े 7 कमरों के ताले
गोहाना :-20 फरवरी : जवाहरा गांव के गवर्नमेंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल में चोर रात के समय सात कमरों के ताले तोड़कर इनवर्टर बैटरी, मिड-डे-मील समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। विद्यालय के स्टाफ को परिसर में पहुंचने पर वारदात की जानकारी लगी।
इसको लेकर प्रिंसिपल ने सदर थाना में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया ।
स्कूल की प्रिंसिपल मनजीत कुमारी ने पुलिस को बताया कि 18 फरवरी की रात को चोरों ने उनके कार्यालय, रसोई घर, डी. टी. एच. कार्यालय, कंप्यूटर व साइंस लैब, क्लास रूम, मिड-डे-मील सहित सात कमरों के ताले तोड़े।
चोर कमरों से चार बड़ी बैटरी, दो इनवर्टर, एक गैस-सिलेंडर, ट्रेवलिंग माइक्रोसॉफ्ट व मिड-डे-मील का सामान चोरी कर ले गए।
जब स्टाफ 19 फरवरी को स्कूल परिसर में पहुंचा तो उन्हें ताले टूटने की जानकारी मिली। इसको लेकर पुलिस को अवगत कराया गया।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण करके मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



