गोहाना में 4 बेटियों को कॉलेज आने-जाने के लिए मिली इलेक्ट्रिक स्कूटी
गोहाना :-17 फरवरी : शनिवार को तीन गांवों की चार बेटियों को रोज कॉलेज आने-जाने के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटी की सौगात मिली। यह उपहार हरियाणा भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से पंजीकृत श्रमिकों की बेटियों को मिला |
बोर्ड ने 4 महीने पहले ही नई योजना लागू की है। इस योजना के तहत बोर्ड से पंजीकृत श्रमिकों की कॉलेज जाने वाली बेटियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी उपहार स्वरूप प्रदान की जाती है। इस योजना में पवन कल्याण एवं धर्मार्थ समिति अब से पहले 9 बेटियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी दिलवा चुकी है। ये स्कूटी 50 हजार रुपए से ज्यादा मूल्य की हैं।
ताजा कार्यक्रम में जिन चार बेटियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी दी गई, वे सब गोहाना शहर के गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज की छात्राएं हैं। इनमें से दो छात्राएं बरोदा गांव जब कि एक-एक छात्रा कोहला और बनवासा गांवों की हैं। स्कूटी वितरण नगर पार्षद ज्योति के प्रतिनिधि उनके पति और पूर्व नगर पार्षद नान्हा राम ने किया।
इलेक्ट्रिक स्कूटी के वितरण की अध्यक्षता पवन कल्याण एवं धर्मार्थ समिति की अध्यक्ष पवन कुमारी सैनी ने की। उन्होंने साफ किया कि इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए जाति की कोई शर्त नहीं है। बोर्ड से पंजीकृत मजदूर एस.सी. हो या बी. सी. अथवा सामान्य जाति से, सब की बेटियां इलेक्ट्रिक स्कूटी पाने की हकदार हैं।
स्कूटी बांटने का कार्यक्रम मोर चौक स्थित अटल सेवा केंद्र पर हुआ। स्कूटी मिलने से लाभान्वित छात्राएं और उनके अभिभावक बेहद खुश नजर आए। इस अवसर पर जगमेर मोर, संदीप कश्यप, जय सिंह सैनी, राम रतन, अजमेर सिंह, कृष्ण आदि भी उपस्थित रहे।



