लड़कियों के फोटो नहीं भेजे तो 4 गाड़ियों के साथ घर पहुंच गया पीटने ; ग्रामीणों की पिटाई से घायल हुए आरोपी अपने दो साथी और दो गाड़ी मौके पर छोड़ कर भागे
गोहाना :-15 फरवरी: पड़ोसी गांव के दोस्त ने जब लड़कियों के फोटो नहीं भेजे, तब आरोपी चार गाड़ियों समेत उसे पीटने के लिए उसी के गांव में उस के घर में पहुंच गया। ग्रामीणों की पिटाई में दो आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्य आरोपी के बाकी साथी दो गाड़ियां भी मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमरजीत उर्फ सचिन पुत्र बलराज (22) गोहाना सदर थाने के जौली गांव का रहने वाला है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी दोस्ती पड़ोसी गांव लाठ के निक्कू के साथ थी।
जौली गांव की लड़कियां लाठ गांव में कबड्डी मैच खेलने के लिए गई थीं। अमरजीत उर्फ सचिन के अनुसार चार-पांच दिन पहले वह हरिद्वार में गया हुआ था। तब उसके पास निक्कू का फोन आया। उसने इन्हीं लड़कियों के फोटो भेजने के लिए कहा।
12 फरवरी को जब वह हरिद्वार से लौटा, शाम के समय निक्कू कुछ लड़कों को ले कर उसके घर आया तथा उससे लड़कियों के फोटो न भेजने के लिए गाली-गलौज किया। अमरजीत का कहना है कि 13 फरवरी को दोपहर बाद 3 बजे जब वह अपनी मां सरोज और भाई योगेश के साथ खाना खा रहा था, तब चार गाड़ियों के साथ निक्कू दोबारा आया । निक्कू ने उसके मोबाइल नंबर पर फोन किया और कहा कि मैं तेरे घर के नीचे खड़ा हूं, तुझे मजा चखाना है।
पीड़ित अमरजीत के अनुसार उसके भाई योगेश ने गली में झांक कर उसे नीचे न जाने के लिए कहा। इतनी देर में निक्कू दोस्तों समेत उसके घर की छत पर पहुंच गया तथा वे लोग डंडों से उसे पीटने लगे। आरोपी उसे खींच कर नीचे ले जाने लगे। इस पर भड़की पड़ोस की महिलाओं ने अपने घरों की छतों से आरोपियों और उनकी गाड़ियों पर मटके फेंकने शुरु कर दिए। इस पर निक्कू एक गाड़ी में बैठ कर वहां से भाग गया। एक और गाड़ी को ले कर उसके दोस्त भाग गए।
क्षतिग्रस्त हो जाने से आरोपी दो गाड़ियां मौके पर छोड़ गए। दो आरोपी भी चोटिल हो जाने से वहां से नहीं भाग सके। इन आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया गया। इन आरोपियों की पहचान नैना तातारपुर गांव के आशु पुत्र जोगेंद्र सिंह तथा सोनीपत की भगत सिंह कॉलोनी के लक्ष्य पुत्र नीरज के रूप में हुई।
‘अमरजीत और हमले के मौके से न भाग सके दोनों घायल आरोपियों को गांव खानपुर कलां के बी.पी.एस. राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवा दिया गया।



