गोहाना के सफीदों-गोहाना रोड पर बिचपड़ी के निकट कंबाइन और कार की टक्कर हादसे में आई.टी.बी.पी. के जवान की मौत, 4 घायल
गांव पाथरी में माता की पूजा करके लौट रहे थे, बिचपड़ी गांव के पास हुआ हादसा, कार को कंबाइन ने मारी टक्कर, मृतक एक दिन पहले ही आया था छुट्टी पर
गोहाना :-13 फरवरी : सफीदों-गोहाना मार्ग स्थित गांव बिचपड़ी के निकट कंबाइन ने कार में टक्कर मार दी। कार में सवार भिवानी के गांव लोहानी के प्रदीप की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। वे पत्नी और अपने परिचितों के साथ गांव पाथरी में माता की पूजा करने गए थे। सदर थाना गोहाना में मामला दर्ज किया गया।
भिवानी जिले में गांव लोहानी के प्रदीप कुमार आई.टी.बी.पी. के जवान थे। वह एक दिन पहले ही छुट्टी पर आए थे। सोमवार को पत्नी पूनम, भिवानी में आजाद नगर के तरुण, वेदवंती और हिसार में ही बाईपास के निकट रहने वाले सागर के साथ डस्टन गो में गुरुग्राम में माता के मंदिर में पूजा करने गए थे। वहां से मंगलवार सुबह पानीपत जिले के गाँव पाथरी में माता के मंदिर में पूजा करने आए। पूजा करने के बाद पांचों कार में गोहाना की तरफे आ रहे थे।
जब वे गांव बिचपड़ी से थोड़ा आगे गोहाना की तरफ पहुंचे तो मोड़ पर कंबाइन ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी पूनम, वेदवंती व तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। सागर को भी हल्की चोट लगी। राहगीरों ने घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
प्रदीप के शव को भी अस्पताल लाया गया। सदर थाना गोहाना की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसा इतना जबरदस्त था कि आमने-सामने की टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।



