गोहाना की द्वारका कॉलोनी को मिला समस्याओं के समाधान का आश्वासन
गोहाना :-9 फरवरी: गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन के पति और सोनीपत भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी शुक्रवार को शहर की द्वारको कॉलोनी में समस्याएं जानने पहुँचे। उन्होंने कॉलोनी के निवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का यथाशीघ्र निदान हो जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता द्वारका कॉलोनी एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र मान ने की। संचालन डॉ. सुरेश सैनी ने किया। संयोजन सोनीपत जिला परिषद के जिला पार्षद जय सिंह मलिक ने किया। विशिष्ट अतिथि नगर पार्षद मुकेश देवगन, पार्षद प्रतिनिधि विनोद राजौरा और संजय सैनी के साथ समाजसेवी संजय दूहन रहे ।
एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र मान ने कहा कि कॉलोनी की गलियां टूट चुकी हैं और उन्हें कंक्रीट की बनवाया जाए। सीवरेज गंदगी से भरे हुए हैं। बरसात होने पर पानी ओवरफ्लो हो कर घरों में घुसने लगता है। कॉलोनी के खंभों पर लाइट लगवाई जाएं तथा कॉलोनी की सुरक्षा के लिए गेट बनवाया जाए।
इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि नगर परिषद सब वार्डों में समान विकास करव रही है। विकास की धारा से द्वारका कॉलोनी भी वंचित नहीं रहेगी।
इस अवसर पर द्वारका कॉलोनी एसोसिएशन की टीम में उपाध्यक्ष वीरभान गुलिया, महासचिव डॉ. जितेंद्र मलिक, सह-सचिव साहब सिंह मेहरा, कोषाध्यक्ष कुलदीप खासा, सलाहकार डॉ. भीम सिंह आदि भी उपस्थित रहे।



