किये काम की बकाया पेमेंट मांगने पर गोहाना में दुकान में की तोड़फोड़,दुकानदार को पीटा
दुकानदार के सिर में पीछे से मारा डंडा, हाथ अड़ा लेने से सिर बचा
गोहाना :-9 फरवरी: सात हजार रुपए की बकाया पेमेंट मांगने पर शुक्रवार को एक दुकानदार पर हमला कर दिया। हमला आरोपी देनदार ने अपने दो साथियों के साथ मिल कर किया। शीशे की दुकान में जमकर तोड़-फोड़ की गई।
आरोपी ने दुकानदार के सिर में पीछे से डंडा मारा। पर दुकानदार के हाथ अड़ा लेने से सिर फूटने से बच गया। अपना मेडिकल परीक्षण करवा पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को शिकायत दी।
संदीप सैनी की शॉप प्रभु एंटरप्राइजेज बरोदा रोड को महम रोड से जोड़ने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग पर है। वह शीशे का काम करता है। उसे उस पर हमला करने वाले आरोपी का नाम नहीं मालूम, बस इतना पता है कि वह रहता कहां है।
संदीप सैनी का कहना है कि उसने आरोपी के घर शीशे का काम किया था। 11,500 रुपए में से उसने 4,500 रुपए दिए। 7 हजार रुपए बकाया है। उसके अनुसार वह आरोपी से कई बार शेष राशि मांग चुका था। इसी से चिढ़ कर आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिल कर उस पर हमला कर दिया।
दुकानदार के अनुसार जब आरोपी आए, वह दुकान पर बैठा हुआ था। आरोपी ने उसके पीछे से सिर पर डंडा मारा, लेकिन उसने हाथ अड़ा कर अपना सिर बचा लिया। आरोपियों ने दुकान में जम कर तोड़-फोड़ की। पूरी वारदात सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई।



