दुष्यंत की कांग्रेस के सी.एम. पद के सब दावेदारों को लोकसभा चुनाव लड़ने की चुनौती ; बीरेंद्र सिंह और उनके बेटे के बारे में कहा : पहले यह तय कर लें कि भाजपा में रहना भी है या नहीं
गोहाना :-8 फरवरी: कांग्रेस में सी. एम. पद के सब दावेदार नेताओं को लोकसभा का चुनाव लड़कर खुद को आजमा लेना चाहिए ताकि विधानसभा चुनाव से पहले उनका ट्रेलर जनता के सामने आए।
यह चनौती गुरुवार की शाम को डिप्टी सी. एम. दुष्यंत सिंह चौटाला ने कांग्रेस दिग्गजों को दी। उन्होंने हिसार के सांसद और उनके पिता पर भी कड़े तंज कसे। उन्होंने कहा-पहले यह तय कर लें कि भाजपा में रहना है या नहीं।
दुष्यंत सिंह चौटाला बरोदा हलके के चार गांवों के दौरे पर आए थे और पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे।
डिप्टी सी. एम. जजपा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. के.सी. बांगड़ और राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र सिंह मलिक के साथ बिलबिलान, कटवाल, गुमाणा और बलि ब्राह्मणान गांवों में पहुंचे।
डिप्टी सी. एम. ने कहा कि आने वाले समय में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस में फुट खुलकर देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि अगर पूर्व सी. एम. भूपेंद्र हुड्डा अपने आप को इतना ही दिग्गज नेता मानते हैं तो उन्हें रोहतक लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना जरूर चाहिए। साथ ही कांग्रेस को एस.आर. के. गुट के तीनों नेताओं को भी लोकसभा का चुनाव लड़वाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब से भूपेंद्र सिंह हुड्डा ई.डी. के सामने पेश हुए हैं, तब से उनकी फ्रस्ट्रेशन बढ़ती ही जा रही है।
हिसार के भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह और उनके पूर्व केंद्रीय मंत्री पिता बीरेंद्र सिंह को ले कर दुष्यंत सिंह चौटाला बेहद तल्ख नजर आए। बृजेंद्र सिंह ने कहा था कि भाजपा सब दस लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जपा वालों की खाली कुर्सी साथ में बिछवा रखी हैं।
इस पर अपनी प्रतिक्रिया में दुष्यंत सिंह चौटाला ने कहा कि पिता-पुत्र पहले यह तैयारी कर लें कि भाजपा में रहना है या जाना है। उन्होंने कटाक्ष किया कि रोज तारीख पर तारीख दे रहे हैं कि रहूंगा, भाजूंगा। उन्होंने तीखा सवाल किया कि वे भाजपा में बैठे ही क्यों हैं। दुष्यंत सिंह चौटाला ने कहा कि हम सवा चार साल से भाजपा के साथ एलायंस पूरी मजबूती से निभा रहे हैं, आगे भी निभाएंगे।
डिप्टी सी. एम. ने जजपा कार्यकर्ताओं को पूर्व डिप्टी पी. एम. देवीलाल की बात याद करवाते हुए कहा कि वे पार्टी की हवा बनाने की बात करते थे। दुष्यंत सिंह चौटाला ने जोर देकर कहा कि हवा बनने से ही राज आता हैं और अब हवा बनाने का समय है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रचार-प्रसार में कमी न छोड़ें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दुष्प्रचार करने में आगे रहती है जिन्हें अब मजबूती से जवाब देना होगा।
दुष्यंत ने कहा कि प्रदेश के वर्ष 2024 के आने वाले बजट में प्रत्येक विधानसभा को 25 करोड़ रुपए का आवंटन किया जाएगा ताकि प्रदेश के विकास को और मजबूती मिले। इस अवसर पर जजपा के प्रमुख नेताओं में राज सिंह दहिया, कुलदीप मलिक, जोनी लठवाल, डॉ. राम मेहर राठी, संदीप भनवाला, सुरेंद्र मलिक, हवा सिंह वर्मा, रितेश शर्मा, प्रदीप बड़वासनी, जुगती राम स्वामी, डॉ. राम मेहर राठी, अशोक मोर आदि भी उपस्थित रहे।


