गोहाना में हुई भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की सभा में जिला अध्यक्ष का मोबाइल फोन चोरी
गोहाना :-7 फरवरी: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी की जनसभा में उन्हीं के जिला अध्यक्ष का महंगा मोबाइल फोन चोरी हो गया। इस पर गोहाना सिटी थाने की पुलिस ने जिला अध्यक्ष के बयान पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी मंगलवार को गोहाना आए थे। वह पानीपत रोड पर स्थित महादेव गार्डन में अपने अभिनंदन समारोह में पधारे थे। इस समारोह में भाजपा की सोनीपत जिला इकाई के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा भी पहुंचे। अभिनंदन समारोह में किसी अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाते हुए जसबीर दोदवा की जेब से उनका आई फोन 15 प्रो मैक्स निकाल लिया।
बुधवार को सोनीपत भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा ने पुलिस को लिखित शिकायत की। इससे पहले उन्होंने मंगलवार को अपना मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना सिटी थाने की पुलिस को फोन से दी थी। लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया।


